केंद्रीय रक्षा मंत्री और सासंद राजनाथ सिंह तीन दिवसीय दौरे पर लखनऊ जाएंगे। ये उनका संसदीय क्षेत्र है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लखनऊ महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने बताया कि रक्षा मंत्री सायं 04:30 बजे यहां स्थित अमौसी हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। यहां से वह सीधे लखनऊ विश्वविद्यालय में स्वर्गीय प्रमिला श्रीवास्तव मेमोरियल फाउंडेशन के उद्घाटन एवं समाज कार्य विभाग व्याख्यान कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।
इसी के बाद वह सायं 6:00 बजे हनुमान सेतु मंदिर में दर्शन पूजन कर दिलकुशा स्थित आवास के लिए रवाना होंगे। शनिवार को वह अटल बिहारी वाजपेई कन्वेंशन सेंटर में सुबह दस बजे लखनऊ की लगभग 158.16 करोड़ की लागत वाली 155 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम के उपरांत कोतवालेश्वर महादेव मंदिर में अपराह्न 12:40 पर दर्शन व पूजन कर दिलकुशा आवास जाएंगे। सायं 4:30 बजे सिंह मोहान रोड स्थित बुद्धेश्वर महादेव मंदिर, प्रांगण में भगवान परशुराम की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
दौरे के दौरान छात्रों को करेंगे सम्मानित
वही, इसके बाद सायं 6:00 बजे निराला नगर स्थित होटल रेग्नेंट में वह सर्राफा एसोसिएशन द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में सम्मिलित होंगे। उसके उपरांत गोमती नगर में आईएमआरटी बिजनेस स्कूल द्वारा आयोजित भजन संध्या में उपस्थित रहेंगे। रविवार को सिंह प्रात: 10:45 बजे त्रिलोकीनाथ रोड पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद वह दिन में 11:30 बजे रविंद्रालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्रों को सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम के उपरांत वह दोपहर बाद 1:00 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।


Download Android App
Download iOS App



