समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ सदस्य और उत्तर प्रदेश विधानसभा में विरोधी दल के नेता राम गोविंद चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को “तानाशाह” करार देते हुए कहा कि उनको विपक्ष की बजाय भाजपा से ही खतरा है क्योंकि उनकी कार्यप्रणाली से सर्वाधिक पीड़ित भाजपाई उनको मुख्यमंत्री पद पर नहीं देखना चाहते।
नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी ने गुरूवार रात कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विपक्ष की बजाय भाजपा से ही खतरा है। चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी तानाशाह की तरह कार्य करते हैं तथा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, सरकार के मंत्रियों, विधायक और पार्टी कार्यकर्ताओं की मांग और सुझावों को नजरअंदाज करते हैं।
सपा नेता ने कहा, “योगी की कार्यप्रणाली से भाजपा के लोग सर्वाधिक पीड़ित हैं तथा उनको मुख्यमंत्री पद पर नहीं देखना चाहते।” उन्होंने कहा, “यही वजह है कि भाजपा से जुड़े लोगों में भारी असन्तोष है। मुख्यमंत्री से सभी लोग बेहद क्षुब्ध हैं तथा उनको एक मिनट भी मुख्यमंत्री के पद पर नहीं देखना चाहते।” चौधरी ने कहा कि वह स्वयं मुख्यमंत्री को इस स्थिति से अवगत करा चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



