Ram Mandir Chadhava Theft : राम मंदिर में कथित चढ़ावे और आभूषण की चोरी का मामला अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है। इस पूरे प्रकरण की पहले से ही एसआईटी (SIT) जांच चल रही है, लेकिन अब राम मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे रामभक्त संतोष दुबे ने इस मामले में कोतवाली नगर में एक लिखित शिकायत पत्र दिया है।
Ram Mandir Donation Theft : पॉलीग्राफ टेस्ट की मांग
दुबे ने मंदिर में चढ़ाए गए दान और आभूषणों में बड़े पैमाने पर हेराफेरी का संगीन आरोप लगाते हुए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने इस मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए आरोपी पदाधिकारियों का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की भी मांग की है।
पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में संतोष दुबे ने कहा कि श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए इस दान और आभूषणों को सहेजने और उसकी सुरक्षा करने की सीधी जिम्मेदारी ट्रस्ट के पदाधिकारियों की थी। लेकिन आरोप है कि कुछ कर्मचारियों के साथ मिलकर दान में मिली बड़ी रकम और कीमती जेवरातों में बड़े स्तर पर गड़बड़ी की गई।
Theft of Ram Mandir Offerings : करोड़ों की हेराफेरी का आरोप

शिकायत में साफ तौर पर आरोप लगाया गया है कि मंदिर के दान-पात्रों (गोलक) से जो नकदी निकाली गई और जो सोने-चांदी के आभूषण मिले थे, उनके बही-खाते और लेखे-जोखे में भारी हेरफेर की गई है। आरोप है कि करोड़ों की संपत्ति का गबन किया गया है.
संतोष दुबे ने अपने प्रार्थना पत्र में ट्रस्ट से जुड़े कुछ चुनिंदा पदाधिकारियों और कर्मचारियों के नामों का बकायदा जिक्र भी किया है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी जांच और एक्शन की मांग उठाई है।
Theft of Offerings Case Reaches Police Station : अयोध्या पुलिस से गुहार

संतोष दुबे ने अयोध्या पुलिस से गुहार लगाई है कि इस मामले में तुरंत एफआईआर (FIR) दर्ज कर निष्पक्षता से जांच की जाए। उन्होंने मांग की है कि आरोपियों का पॉलीग्राफ टेस्ट कराया जाए ताकि पूरा सच बाहर आ सके और जो भी नकदी, आभूषण या सिक्के गायब हुए हैं, उन्हें जल्द से जल्द बरामद किया जाए।
शिकायतकर्ता का कहना है कि यह केवल पैसों का मामला नहीं है, बल्कि इससे देश-दुनिया के करोड़ों रामभक्तों की अटूट आस्था जुड़ी हुई है। इसलिए, पूरे मामले की जांच पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए और जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। इस शिकायत के बाद अयोध्या के सियासी और धार्मिक हलकों में चर्चाएं गर्म हैं।


Download Android App
Download iOS App




