2024 के लोकसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ‘अस्सी हराओ, बीजेपी हटाओ’ का नया नारा लेकर आई हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि अगर 2024 में बीजेपी को सत्ता की कुर्सी से हटाना है, तो उत्तर प्रदेश के मतदाता राज्य की सभी लोकसभा सीटों पर उनकी हार सुनिश्चित करें।
उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बदतर!
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीटें हैं। इससे पहले जब बीजेपी के कुछ नेताओं ने बयान दिया था कि उनकी पार्टी राज्य की सभी 80 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करेगी, तो अखिलेश ने कहा कि बीजेपी सभी 80 सीटों पर हार जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि सपा और उसके सहयोगी सभी 80 सीटें जीतेंगे।बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा, ‘बीजेपी सरकार जो कहती है वो करती नहीं और जो करती है वो कहती नहीं है। यूपी के मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का वादा करते हैं, लेकिन उनके राज में भ्रष्टाचार और अपराध को संरक्षण मिलता है। प्रदेश में भ्रष्टाचार 10 गुना बढ़ा है। एक बयान में, अखिलेश ने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार के तहत, उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बदतर होती जा रही थी।
क्या स्किल डेवलपमेंट के तहत ट्रेनिंग दी जा रही है ?
यादव ने कहा, पुलिस सत्ताधारी पार्टी के सांसद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर रही है। पुलिसकर्मी चांदी लूटने में शामिल हैं, थाने से चोरी का सामान बरामद किया जा रहा है, क्या यह भाजपा की डबल इंजन सरकार है। 80 लोकसभा सीटों में से सपा ने 2019 में केवल पांच सीटें जीती थीं और उनमें से रामपुर और आजमगढ़ उपचुनाव में भाजपा से हार गई थी।
2014 के लोकसभा चुनाव में भी सपा केवल पांच सीटें ही जीत सकी थी। यादव ने बयान में कहा, ‘बीजेपी सरकार में ‘यूपी ईज ऑफ डूइंग’ का मतलब हत्या, बलात्कार, लूट और भ्रष्टाचार है। क्या इन्वेस्टर समिट में देशी पिस्टल की आपूर्ति और निर्माण के एमओयू हुए थे? क्या स्किल डेवलपमेंट के तहत ट्रेनिंग दी जा रही है ? व्यापारियों को सुरक्षा और सुविधाएं देने के बजाय रंगदारी और फिरौती की आजादी है।”


Download Android App
Download iOS App



