समाजवादी पार्टी प्रदेश भर में 25 दिसंबर को ‘समाजवादी किसान घेरा’ कार्यक्रम आयोजित करेगी

Summary :

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्‍यक्ष और पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर 25 दिसंबर को प्रदेश भर में ‘समाजवादी किसान घेरा’ कार्यक्रम आयोजित होगा।

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्‍यक्ष और पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर 25 दिसंबर को प्रदेश भर में ‘समाजवादी किसान घेरा’ कार्यक्रम आयोजित होगा। सपा इस कार्यक्रम के जरिये भारतीय जनता पार्टी की कथित किसान विरोधी नीतियों को उजागर करेगी। 
सपा के मुख्‍य प्रवक्‍ता राजेंद्र चौधरी ने रविवार को बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। चौधरी के मुताबिक, गांव के स्तर पर किसानों के बीच सपा नेता घेरा बनाकर चौपाल लगाएंगे। पार्टी के सांसद, विधायक तथा अन्य प्रमुख नेता स्वयं किसी गांव में जाकर किसान घेरा कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे। 
उन्‍होंने कहा कि अब तक चल रही किसान यात्रा का रविवार को समापन हो गया है। प्रवक्ता ने कहा कि समाजवादी किसान घेरा कार्यक्रम में पार्टी नेता किसानों से संवाद करेंगे। साथ ही उन्हें समाजवादी नीतियों तथा समाजवादी सरकार की उपलब्धियों की भी जानकारी दी जाएगी। इस कार्यक्रम में पार्टी नेता गांवों में किसानों को फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) एवं तथाकथित कृषि सुधार कानून की सच्चाई से भी अवगत कराएंगे। 
चौधरी ने कहा कि विडम्बना है कि देश का अन्नदाता ठंड में ठिठुरते हुए अपनी बात कहना चाहता है परन्तु प्रधानमंत्री सिर्फ अपने मन की बात कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की जिद के चलते दर्जनों किसान अपनी जान गंवा बैठे हैं।

कृषि मंत्री तोमर से मिले मजदूरों, किसानों के प्रतिनिधि, नए कानून का किया समर्थन

 

Desk Team