संजीव बालियान ने RLD पर किया कटाक्ष-जाट समाज कभी नहीं भूलेगा अपमान, इसलिए हो रहा जगह-जगह विरोध

Summary :

केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने राष्ट्रीय लोक दल पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि, रालोद मुखिया और उनके पत्नी के ट्विट इस बात के गवाह हैं कि चुनाव के पहले ही उन्हें हार दिखने लगी है

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले है ऐसे में राजनितिक पार्टियों के कई नेता एक दूसरे पर आरोप लगा रहे है। इसी बीच आज केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने राष्ट्रीय लोक दल पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि, रालोद मुखिया और उनके पत्नी के ट्विट इस बात के गवाह हैं कि चुनाव के पहले ही उन्हें हार दिखने लगी है और चुनाव में उन्हें हिंदू-मुसलिम की याद आ रही है। उन्होंने कहा तुष्टीकरण की राजनीति कर रही समाजवादी पार्टी और रालोद का असली चेहरा फिर सबके सामने आ गया है। जाट समाज कभी अपने अपमान को नहीं भूलेगा। इसीलिए जगह-जगह इनका विरोध हो रहा है।
कल है नामांकन का आखिरी दिन 
बालियान ने पत्रकारों से गुरुवार को बातचीत में कहा कि पश्चिमी यूपी में कल नामांकन का आखिरी दिन है और जाट समाज की अनदेखी पर सपा-रालोद गठबंधन के घोषित उम्मीदवारों का विरोध तेज हो गया है। चुनाव से पहले ही इनके प्रत्याशियों को जनता ने नकार दिया है। जिस कारण रालोद मुखिया को समझ नहीं आ रहा है कि क्या करें और क्या न करें। इसीलिए वह अपनी खीझ जाट समाज के नेताओं पर निकाल रहे हैं। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि जब मुजफ्फरनगर में दंगे हुए थे, उस समय वह कहां थे? उनकी पार्टी कहां थीं।
इस बार इमोशनल कार्ड नई सुशासन चलेगा : बालियान 
केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि, विधानसभा चुनाव में हार और प्रत्याशियों के विरोध को देखते हुए रालोद बैकफुट पर आ गया है। जिस कारण रालोद को अपने प्रत्याशियों को भी बदलना पड़ा। इसीलिए चुनाव में हिंदू-मुसलिम की बात कर रहे हैं। उन्होंने रालोद मुखिया की पत्नी के ईमोशनल कार्ड पर पलटवार करते हुए कहा कि, रालोद प्रमुख की पत्नी ने ट्विटर पर ईमोशनल कार्ड खेला है, लेकिन इस बार इमोशनल कार्ड नहीं, सुशासन चलेगा।
यूपी के विकास के लिए डबल इंजन की सरकार ने कोई कसर नहीं छोड़ी  
नेता संजीव बालियान ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने पश्चिमी यूपी के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी है। इसीलिए विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है और सिर्फ जनता को बरगलाने का काम कर रहा है, लेकिन इस बार जनता ने भी तय कर लिया है कि इस बार वोट सिर्फ सुशासन को जाएगा। विपक्ष के खोखले वादों पर भारी है भाजपा का सुशासन।

Desk Team