उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के अजनर थाना क्षेत्र के गुढ़ा गांव में शराब पीने से रोकने पर एक व्यक्ति ने सोमवार को अपने पिता की कथित रूप से कुल्हाड़ी से काट कर हत्या कर दी। यह जानकारी मंगलवार को कुलपहाड़ के सीओ ने दी।
कुलपहाड़ क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) अवध सिंह ने बताया कि गुढ़ा गांव का करन सिंह कुछ दिन से अवसाद में आकर शराब पीने का आदी हो गया है। सोमवार को उसने घर में शराब पीने लगा तो उसके बुजुर्ग पिता धरम जीत (70) ने उसे रोका, जिससे वह शराब की बोतल और कुल्हाड़ी लेकर घर से कुछ दूर तालाब के भीटे पर जाकर पीने लगा।
वहां भी उसका पिता पहुंच गया और दोनों में शराब पीने को लेकर विवाद होने लगा। इसी बीच गुस्से में आकर करन सिंह ने अपने पिता पर कुल्हाड़ी से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। सिंह ने बताया, “पोस्टमॉर्टम कराने के बाद धरम जीत का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया है और फरार करन सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।”


Download Android App
Download iOS App



