सपा ने की अपर मुख्य सचिव गृह समेत कई अधिकारियों को पद से हटाने की मांग, निर्वाचन आयोग को लिखा पत्र

Summary :

समाजवादी पार्टी (सपा) ने निर्वाचन आयोग से निष्पक्ष चुनाव के लिए राज्‍य में तैनात अपर मुख्‍य सचिव (गृह) समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को उनके वर्तमान पदों से तत्काल हटाने की मांग की है।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा के चुनावों की तारीखों के ऐलान के बाद विपक्षी दल हरकत में आ गई है। ऐसे में समाजवादी पार्टी (सपा) ने निर्वाचन आयोग से निष्पक्ष चुनाव के लिए राज्‍य में तैनात अपर मुख्‍य सचिव (गृह) समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को उनके वर्तमान पदों से तत्काल हटाने की मांग की है। सपा ने राज्य में विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित होने और आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त को पत्र लिखकर अधिकारियों को उनके वर्तमान पदों से हटाने की मांग की है। 

कार्यकर्ता के रूप में कार्य करने वाले अधिकारियों को हटाया जाए 
सपा के राष्ट्रीय सचिव और मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी की ओर से जारी पत्रक के मुताबिक पार्टी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी के कथित कार्यकर्ता के रूप में कार्य करने वाले अधिकारियों को उनके वर्तमान पद से तत्काल हटाया जाए। 
ज्ञापन में आरोप लगाया गया, ‘‘ शासन में अपर मुख्‍य सचिव (गृह) अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्‍य सचिव (सूचना) नवनीत सहगल, प्रशांत कुमार अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) तथा अपर पुलिस महानिदेशक (एसटीएफ) अमिताभ यश भाजपा सरकार के कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रहे हैं और इन सभी को तत्काल प्रभाव से हटाए बगैर प्रदेश में स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्भीक, प्रभाव मुक्त चुनाव संभव नहीं है।’’ 
प्रदेश में निष्पक्ष, स्वतंत्र और भयमुक्त चुनाव संपन्न हो  
चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी मांग करती है कि उपरोक्त सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से उनके वर्तमान पदों से हटाया जाए, जिससे कि प्रदेश में निष्पक्ष, स्वतंत्र और भयमुक्त चुनाव संपन्न हो सके। गौरतलब है कि पत्रक में समाजवादी पार्टी ने अपर मुख्‍य सचिव (गृह) अवनीश कुमार अवस्‍थी को ‘‘उप मुख्‍य सचिव’’ लिखा है,जबकि राज्य में उप मुख्‍य सचिव का कोई पद नहीं है।

Desk Team