उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रचंड जीत का दावा करते हुये कबीना मंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि दूसरों की मदद से प्रदेश में सरकार बनाने का समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव का सपना कभी पूरा नहीं होगा।
पाठक ने बुधवार रात बरेली के महापौर डा उमेश गौतम के साथ ब्राह्मण परिवारों से मुलाकात के दौरान कहा ‘‘ अखिलेश यादव के पास अपना कुछ नहीं है। वह दूसरे के सहारे अपनी दुकान चलाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन उनका यह सपना पूरा नहीं होगा। मोदी और योगी के नेतृत्व में भाजपा विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत से सरकार बनायेगी। आपकी गिनती प्रबुद्ध लोगों में होती है, इसलिये किसी के बहकावे में न आएं।’’ कैबिनेट मंत्री सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय पर प्रबुद्ध वर्ग की बैठक में शामिल होने आये थे।
उन्होंने शहर और कैंट विधानसभा क्षेत्र के लोगों से बातचीत की और भाजपा के स्थानीय नेताओं को चुनाव में जीत का मंत्र दिया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित दल है। हमने एक प्रशिक्षित कैडर तैयार किया है। पूरे पांच वर्ष जनता के बीच मे रहकर काम किया है। ये लोकतंत्र का महापर्व है। जब परिणाम आएगा तो भाजपा के पक्ष में आएगा। स्वामी प्रसाद मौर्य पार्टी से गए हैं लेकिन वह उनके पारिवारिक मित्र हैं। उनसे बातचीत की जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद, मोदी के पंजाब में काफिले को रोके जाने को उन्होंने दुखद और दुर्भाज्ञपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि नरेंद, मोदी 125 करोड़ देशवासियों के प्रधानमंत्री हैं। सभी को उनकी चिंता करनी चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



