उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक मेजर सुनीलदत्त द्विवेदी के आवास से कुछ दूरी पर विस्फोट होने से हड़कंप मच गया। क्षेत्राधिकारी शहर (सीओ सिटी) मन्नी लाल ने कहा, “मोहल्ला सेनापति में सदर भाजपा विधायक मेजर सुनीलदत्त द्विवेदी का आवास है। उनके आवास से करीब दो सौ कदम की दूरी पर कूड़ा पड़ा था, जिसमे एक लाल रंग का बैग था, उसी के अंदर विस्फोट हुआ।”
उन्होंने आगे कहा, “हालांकि, घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। विस्फोट इतना तेज रहा कि आसपास के घरों की खिड़कियां हिल गईं। फोरेंसिक टीम मामले की जांच करने में जुट गई है।” कूड़े के ढेर में हुए विस्फोट पर पुलिस ने प्राथमिक जांच में कोई पटाखा फटने की आशंका जताई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि आसपास के मकानों के खिड़की दरवाजे, फर्श तक टूट गए और छत का प्लास्टर टूटकर नीचे आ गिरा। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर छानबीन की और लोगों से पूछताछ की। घटना के समय सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी परिवार समेत लखनऊ में थे और घर पर कर्मचारी ही मौजूद थे।
मेजर सुनील दत्त द्विवेदी के चचेरे भाई सुधांशु दत्त द्विवेदी ने कहा कि विस्फोट काफी तेज था और पास के मोहल्लों तक आवाज सुनी गई। उन्होंने मांग की कि फोरेंसिक टीम जल्द इस बात का खुलासा करे कि विस्फोट के पीछे क्या कारण था।


Download Android App
Download iOS App



