हाथरस मामले के आरोपियों का केस लड़ने वाले वकील एपी सिंह शनिवार यानि आज क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों के साथ हाथरस के बूलगढ़ी गांव में आरोपियों के घर पहुंचे। एपी सिंह ने हाथरस कांड को ऑनर किलिंग बताते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि इस मामले में सभी का नार्को टेस्ट हो जाए। उन्होंने कहा कि हाथरस कांड में आरोपी बनाए गए चारों लड़के नार्को पॉलीग्राफ के साथ ही हर तरह के टेस्ट के लिए तैयार हैं।
वकील एपी सिंह से पूछा गया कि क्या वह आरोपियों का मुकदमा लड़ने के लिए फीस लेंगे या फिर नि:शुल्क पैरवी करेंगे? इस सवाल को एपी सिंह पहले तो टालने की कोशिश की फिर कहा कि महासभा उनकी फीस देगी। बता दें कि निर्भया कांड में निर्भया की ओर से वकील रहीं सीमा कुशवाहा हाथरस कांड की पीड़िता का मुकदमा नि:शुल्क लड़ने का ऐलान कर चुकी हैं।
वकील एपी सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि हाथरस कांड का राजनीतिकरण किया जा रहा है। घटना के एक हफ्ते के बाद इस मामले में पीड़िता के परिवार से नेताओं के मिलने के बाद रेप की एफआईआर दर्ज करवाई गई। साथ ही पीड़िता और उसकी मां ने अपने शुरुआती बयानों में कहीं भी बलात्कार की बात नहीं कही थी।


Download Android App
Download iOS App



