लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार को घेरते हुए शनिवार को कहा कि सूबे में ‘अंधेरनगरी, चौपट राजा’ की कहावत चरितार्थ हो रही है।
अखिलेश ने यहां एक बयान में कहा कि भाजपा सरकार आंकड़े दबाकर प्रदेश में कानून व्यवस्था के नियंत्रण में होने का खोखला दावा कर रही है जबकि कोई दिन ऐसा नहीं जाता जब हत्या, लूट, बलात्कार की घटनाएं न घटती हों। भाजपा सरकार के बड़बोलेपन का अपराधियों पर तो कोई असर नहीं हुआ, उल्टे पुलिस ही कानून हाथ में लेकर लोगों को प्रताड़ित करने लगी है।
उन्होंने कहा कि हालात किस कदर बिगड़े हैं इसे जाहिर करने के लिए एक घटना ही पर्याप्त है। लखनऊ में एक किशोर को घर से उठाकर पुलिस चौकी में बंद रखा गया। निर्दोष से जुर्म जबरन कुबूलवाने के लिए उसको बर्बरता से पीटा गया और बूट से पैर कुचल डाले गये। जब ये हाल है तो मुख्यमंत्री योगी आखिर कैसे अपने राज में शांति-व्यवस्था बनी रहने की बात करते हैं?
पूर्व मुख्यमंत्री ने हाल में हुई कुछ वारदात का जिक्र करते हुए कहा कि सच तो यह है कि प्रदेश में भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल है। उसके राज में कोई भी व्यक्ति न तो सड़क पर सुरक्षित है और ना ही जेल में। जेलों में माफिया डान अपने दरबार सजा रहे हैं और वहीं से आपराधिक गतिविधियों का विस्तार कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



