कल्याण सिंह की हालत में नहीं कोई बदलाव, सांस लेने में तकलीफ के बाद से वेंटिलेटर पर है पूर्व CM

Summary :

एसजीपीजीआई में भर्ती कराए गए कल्याण सिंह की हालत जस की तस बनी है और उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है।

संक्रमण की शिकायत के बाद लखनऊ के संजय गांधी परास्नातक आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में भर्ती कराए गए उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की हालत जस की तस बनी है और उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है। एसजीपीजीआई की ओर से शुक्रवार को जारी किए गए स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, कल्याण सिंह की हालत जस की तस बनी है। उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है। 
क्रिटिकल केयर मेडिसिन, नेफ्रोलॉजी, न्यूरोलॉजी और एंडॉक्रिनलॉजी विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक पूर्व मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। एसजीपीजीआई के निदेशक प्रोफेसर आर. के. धीमान भी नियमित रूप से उनके इलाज की निगरानी कर रहे हैं। गौरतलब है कि 89 वर्षीय कल्याण सिंह को गत 4 जुलाई को संक्रमण और बेहाशी के कारण एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उनका इलाज राम मनोहर लोहिया चिकित्सा संस्थान में चल रहा था।
बता दें कि अब तक पार्टी के कई बड़े नेता पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह से मुलाकात के लिए अस्पताल जा चुके हैं, मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्‍ना के साथ एसजीपीजीआई पहुंचे थे। बता दें, 89 वर्षीय कल्‍याण सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे हैं। वे 21 जून को अनियंत्रित ब्लड शुगर और बीपी आदि की शिकायत के बाद उन्हें लखनऊ के लोहिया संस्थान में भर्ती कराया गया था। लेकिन 3 जुलाई की रात बीपी ज्यादा बढ़ने के कारण कल्‍याण सिंह को माइनर अटैक पड़ा, जिसके बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया था। इसके बाद चार जुलाई को उन्हें संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में एडमिट कराया गया था।

Desk Team