उत्तर प्रदेश के आंबेडकरनगर जिले की जलालपुर विधानसभा से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक सुभाष राय सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। भाजपा मुख्यालय में उन्होंने उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और दिनेश शर्मा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और भाजपा मीडिया विभाग के प्रभारी अनिल बलूनी की मौजूदगी में भगवा दल की सस्यता ग्रहण की।
स्वतंत्र देव सिंह ने साधा अखिलेश पर निशाना
सिंह ने राय का पार्टी में स्वागत करते हुए दावा किया कि उत्तर में आज कानून का राज है तथा वहां राष्ट्रवाद और विकास की बयार चल रही है। उन्होंने कहा, ‘‘आज उत्तर प्रदेश में जो वातावरण निर्मित हुआ है, उसे देखते हुए सुभाष राय भाजपा में शामिल हुए हैं। यह उनकी घर वापसी है। उनके आने से भाजपा अंबेडकरनगर जनपद में और मजबूत होगी।’’
मोदी और योगी के विचारों और नीतियों से हुए प्रभावित
इसके साथ ही स्वतंत्र देव सिंह ने आगे ये भी कहा कि सुभाष राय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के विचारों से और बीजेपी की नीतियों से प्रभावित हैं इसलिए वो पार्टी में शामिल हुए। सपा के लिए ये तीसरा बड़ा झटका है। बता दें कि इनसे पहले मुलायम की बहू अपर्णा यादव और उनके साढ़ू भी बीजेपी में शामिल हो चुके हैं।
UP चुनाव से पहले सभी पार्टियों में जारी है उठापटक
बताते चलें कि 2017 के विधानसभा चुनाव में जलालापुर से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर रितेश पांडेय विधायक चुने गए थे। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में बसपा ने उन्हें अंबेडकरनगर संसदीय सीट से अपना उम्मीदवार बना दिया। चुनाव में जीत दर्ज के बाद उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद जलालापुर सीट पर हुए उपचुनाव में सुभाष राय सपा के टिकट पर विधायक निर्वाचित हुए थे। सांसद रितेश पांडेय के पिता राकेश पांडेय हाल ही में समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



