पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में विपक्षी गठबंधन माकपा और इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) के कार्यकर्ताओं के साथ हुई झड़प में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यकर्ता की मौत हो गई।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि यह घटना बुधवार की शाम को मध्य बेलगाची गांव में हुई। उस समय तृणमूल कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता बरुईपुर पूर्व सीट से पार्टी प्रत्याशी बिवेश सरदार के लिए प्रचार कर रहे थे। उन्होंने बताया कि तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं और इलाके के आईएसएफ-माकपा सदस्यों की अचानक झड़प हो गई जिसमें राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी के 60 वर्षीय सदस्य राहुल अमीन मिदेयी के सिर में चोट लगी।
पुलिस ने बताया कि मिदेयी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। अधिकारी ने बताया कि एक तृणमूल कार्यकर्ता द्वारा पुलिस से की गई शिकायत के आधार पर 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है । इनमें से पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि अन्य को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



