CM योगी के खिलाफ आपत्तिजनक विषय वस्तु प्रसारित करने वाले TV चैनल हेड, संपादक गिरफ्तार

Summary :

गौतम बुद्ध नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्ण ने कहा, ‘‘इससे कानून व्यवस्था के लिए परेशानी खड़ी हो सकती थी।’’

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक विषय-वस्तु प्रसारित करने को लेकर शनिवार को यहां एक निजी टीवी न्यूज चैनल के हेड और उसके संपादक को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि 6 जून को चैनल में एक परिचर्चा आयोजित की गई थी, जिसमें एक महिला द्वारा योगी पर लगाए गए कथित अपमानजनक आरोपों पर चर्चा की गई। 
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक राजनीतिक दल से संबद्ध कार्यकर्ताओं ने महिला का दावा तथ्यों को सत्यापित किए बगैर प्रसारित करने को लेकर न्यूज चैनल के खिलाफ शिकायत करने के लिए पुलिस से संपर्क किया था। गौतम बुद्ध नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्ण ने कहा, ‘‘इससे कानून व्यवस्था के लिए परेशानी खड़ी हो सकती थी।’’ 
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान यह पाया गया कि चैनल के संचालित होने के लिए कोई जरूरी लाइसेंस भी नहीं था। इस सिलसिले में थाना फेस 3 पुलिस ने उक्त चैनल के संपादक और चैनल हेड के खिलाफ दो अलग-अलग मामले दर्ज कर उन्हें आज गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, इस बारे में चैनल का बयान फिलहाल नहीं मिल पाया है। 

Desk Team