UP : सोनभद्र के बिजलीघर में हुए हादसे में 13 मजदूर घायल, CM योगी ने दिए जांच के आदेश

Summary :

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में रविवार की सुबह लैंको अनपरा थर्मल पावर प्लांट के बॉयलर में विस्फोट होने से 13 मजदूर घायल हो गए हैं।

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में रविवार की सुबह लैंको अनपरा थर्मल पावर प्लांट के बॉयलर में विस्फोट होने से 13 मजदूर घायल हो गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ में इस घटना का संज्ञान लेते हुए ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव को इसकी जांच के आदेश दिए हैं। 
सोनभद्र के अनपरा क्षेत्र में लैंको कंपनी के बिजलीघर के प्रबंधक एस. के. द्विवेदी द्वारा पुलिस को दी गई सूचना के मुताबिक परियोजना की द्वितीय इकाई के अनुरक्षण कार्य के तहत कुछ मजदूर तड़के करीब 2:45 बजे बॉयलर पर काम कर रहे थे कि तभी अचानक भाड़ा (सीढ़ी) गिर जाने से 13 मजदूर घायल हो गए। 
उन्होंने बताया कि आठ मजदूरों को परियोजना परिषद स्थित अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि पांच अन्य मजदूरों को गंभीर हालत में जयंत क्षेत्र स्थित नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बीच, सूचना विभाग के अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव को इसकी जांच के आदेश दिए हैं। 
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने कहा है कि जांच कर इस घटना की जिम्मेदारी तय करते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। सहगल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्थानीय प्रशासन को घायलों का समुचित इलाज कराने के निर्देश दिए हैं। 

Desk Team