उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए बीजेपी और निषाद पार्टी के बीच गठबंधन हो गया है। केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने 2022 का विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने की औपचारिक घोषणा की।
गठबंधन का ऐलान करते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, ‘मैं पिछले 3 दिन से यूपी में हूं, निषाद पार्टी के साथ हमारा गठबंधन और मजबूत होगा। 2022 का विधानसभा चुनाव हम आपस में मिलकर मजबूती से लड़ेंगे। ये गठबंधन बीजेपी, निषाद पार्टी और अपना दल का है।’ प्रधान ने कहा कि 2022 चुनाव की तैयारी बीजेपी ने शुरू कर दी है।
विधानसभा चुनाव किसके नेतृत्व में लड़ा जाएगा, यह पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी और लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी पर उत्तर प्रदेश की जनता का अटूट भरोसा है।
गठबंधन का हिस्सा होगा अपना दल
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि बीजेपी 2022 का विधानसभा चुनाव सीएम योगी आदित्यनाथ और पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में निषाद पार्टी के साथ मिलकर लड़ेगी। वहीं अपना दल भी बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन का हिस्सा होगा।
बीजेपी पर किसानों का आशीर्वाद
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, हम किसानों की आय को दोगुना करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, चाहे वह एमएसपी पर कृषि उत्पाद खरीदकर, जैविक खेती को बढ़ावा देने या कृषि विपणन बुनियादी ढांचे पर 1 लाख करोड़ रुपये खर्च करने के लिए हो। मुझे लगता है कि बीजेपी पर किसानों, खासकर छोटे किसानों का आशीर्वाद है।


Download Android App
Download iOS App



