लखीमपुर हिंसा के मामले में विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर हैं। विपक्षी दल एकजुट होकर केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इस बीच उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी को लखनऊ तलब किया है। मिश्रा को सोमवार शाम तक सिंह से मिलने के लिए कहा गया है।
लखीमपुर खीरी में 3 अक्टूबर की घटना के बाद मिश्रा ने अब तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह से मुलाकात नहीं की है। आरोप है कि उनके बेटे आशीष मिश्रा ने कथित तौर पर अपनी एसयूवी के साथ चार किसानों सहित नौ लोगों को कुचल दिया था। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी आलाकमान इस घटना को लेकर और इसके संबंध में खेद नहीं व्यक्त करने को लेकर केंद्रीय मंत्री से नाराज है।
भाजपा के एक सूत्र ने कहा, “पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय मिश्रा टेनी से बात करना चाहते हैं और फिर पार्टी आलाकमान को इस बारे में बताना चाहते हैं।” गौरतलब है कि रविवार शाम पार्टी की एक बैठक के दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा था , “नेता होने का मतलब यह नहीं है कि आप अपनी फॉर्च्यूनर से किसी को भी कुचल सकते हैं।”


Download Android App
Download iOS App



