UP की कैबिनेट मंत्री कमल वरुण का कोरोना संक्रमण से निधन, CM योगी ने जताया शोक

Summary :

मंत्री के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि ” उत्तर प्रदेश सरकार में मेरी सहयोगी, कैबिनेट मंत्री श्रीमती कमल रानी वरुण जी के असमय निधन की सूचना, व्यथित करने वाली है।

उत्तर प्रदेश की प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरूण की रविवार को कोरोना संक्रमण से मौत हो गयी। कैबिनेट मंत्री का इलाज लखनऊ पीजीआई में चल रहा था। वे 18 जुलाई को कोरोना पॉजिटिव मिली थीं।

मंत्री के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक प्रकट किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ” उत्तर प्रदेश सरकार में मेरी सहयोगी, कैबिनेट मंत्री श्रीमती कमल रानी वरुण जी के असमय निधन की सूचना, व्यथित करने वाली है। प्रदेश ने आज एक समर्पित जननेत्री को खो दिया। उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें।ॐ शांति!”

वहीं इससे पहले मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से ट्वीट कर कहा, “आज दिनांक 02.08.2020 को प्रातः लगभग 9:30 बजे श्रीमती कमल रानी वरुण जी, मंत्री प्राविधिक शिक्षा का SGPGI, लखनऊ में इलाज के दौरान निधन हो गया है। श्रीमती वरुण जी घाटमपुर, कानपुर नगर से विधायक थीं। इससे पूर्व श्रीमती वरुण जी 11वीं व 12वीं लोकसभा की सदस्य थीं।”

मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा “श्रीमती वरुण जी ने एक जनप्रतिनिधि के रूप में जन आकांक्षाओं का सम्मान रखा। मंत्री के रूप में विभागीय कार्यों को कुशलतापूर्वक निर्वहन करने में सराहनीय योगदान दिया है। उनका निधन समाज और सरकार के लिये अपूरणीय क्षति है।”

कोविड-19 : देश में संक्रमितों का आंकड़ा साढ़े 17 लाख के पार, 37 हजार से अधिक लोगों ने गंवाई जान

Desk Team