बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मामले आए दिन नई-नई कड़ियां खुल रही है। सुशांत के परिवार ने रिया चक्रवर्ती पर कई गंभीर इल्जाम लगाए है, जिसमें सुशांत को सुसाइड के उकसाना भी शामिल है। इसको लेकर सुशांत के परिवार ने रिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। बिहार पुलिस इस समय रिया की तलाश कर रही है। हालांकि पुलिस अभी तक रिया को ‘लोकेट’ नहीं कर सकी है।
बिहार पुलिस के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय शनिवार को एक टीवी चैनल से कहा कि अगर रिया खुद को दोषी नहीं मानती हैं तो फिर वह पुलिस के साथ चूहे-बिल्ली का खेल बंद करें और सामने आकर अपना बयान दर्ज कराएं। पांडेय ने कहा, “रिया भाग क्यों रही हैं? अगर वह दोषी नहीं हैं तो सामने आएं और जांच में पुलिस की मदद करें।
उन्होंने कहा कि हम किसी निर्दोष को सजा देने के हिमायती नहीं हैं। हम चाहेंगे कि वह सामने आकर अपना पक्ष रखें और अगर वह खुद को निर्दोष साबित करने में सफल रहीं तो हम उन्हें हाथ भी नहीं लगाएंगे। लेकिन अगर वह हमसे भागेंगी तो मैं इतना जरूर कहूंगा कि हम एक न एक दिन उन तक जरूर पहुचेंगे और तब दूध का दूध और पानी का पानी हो ही जाएगा।”
सुशांत ने 14 जून को मुम्बई में आत्महत्या की थी और उनके पिता केके सिंह ने 25 जुलाई को पटना में एफआईआर दर्ज कराया, जिसमें रिया को मुख्य आरोपी बनाया गया है। पटना में एफआईआर दर्ज कराए जाने के बाद बिहार पुलिस भी जांच के लिए मुम्बई पहुंच चुकी है।
इस बीच रिया ने पूरे मामले की सुनवाई पटना की जगह मुम्बई मे कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट मे अर्जी दी है। सुशांत के पिता ने भी अपने वकील विकास सिंह के माध्यम से इस मामले को पटना में ही रखने के लिए काउंट पीटिशन दायर किया है। इस मामले की सुनवाई पांच अगस्त को होनी है।
उससे पहले रिया लापता हैं। बिहार पुलिस की टीम उनके फ्लैट पर भी गई थी लेकिन वह वहां नहीं मिली। इसी के बाद पांडेय ने स्वीकार किया कि बिहार पुलिस रिया को ‘लोकेट’ नहीं कर पाई है। रिया ने बीते दिनों एक वीडियो जारी कर खुद को निर्दोष बताया। इसी पर पांडेय ने कहा कि वीडियो के जरिए खुद को निर्दोष बताने की जगह रिया पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज कराएं और यही उनके हक में होगा।
पांडेय ने कहा, “रिया को अपना पक्ष रखना चाहिए। हम उनसे कोई दुश्मनी नहीं है लेकिन अगर वह इसी तरह भागती रहीं तो फिर उनके लिए मुश्किल हालात हो जाएंगे। मैं यकीन दिलाता हूं कि बिहार पुलिस अपने स्तर पर जांच कर रही है और जिस दिन हमे उनके खिलाफ सबूत मिल जाएगा, हम उन्हें पाताल से भी खोज निकालेंगे। बिहार पुलिस इस काम में पूरी तरह सक्षम है।”
उल्लेखनीय है कि सुशांत के पिता केके सिंह ने 25 जुलाई को रिया चक्रवर्ती और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ उनके बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाने को लेकर पटना के राजीवनगर थाना में एक मामला दर्ज करवाया है। मामला दर्ज होने के बाद बिहार पुलिस मुंबई पहुंचकर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।


Download Android App
Download iOS App



