कोरोना संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण करने के साथ उत्तर प्रदेश में वैक्सीनेशन अभियान पूरे जोर शोर से जारी है और जल्द ही नौ करोड़ लोगों को टीके की खुराक देने वाला पहला राज्य बन जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को टीम-09 की बैठक में कहा कि कोविड से बचाव के लिए टीकाकरण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। जल्द ही हम 09 करोड़ से अधिक कोविड डोज देने वाले देश के प्रथम राज्य होंगे। अब तक प्रदेश में 07 करोड़ 45 लाख से अधिक लोगों ने टीके की पहली डोज प्राप्त कर ली है जबकि 1.52 करोड़ से ज्यादा लोगों ने दोनों डोज का कवर पा लिया है।
मंगलवार को 10 लाख 80 हजार से अधिक लोगों ने टीकाकरण प्राप्त किया। इस प्रकार प्रदेश में कुल कोविड वैक्सीनेशन 08 करोड़ 97 लाख से अधिक हो गया है। यह किसी एक राज्य में हुआ सर्वाधिक टीकाकरण है। उन्होने कहा कि कोविड टेस्टिंग में 66 त्रिलों में संक्रमण का कोई भी नया केस नहीं मिला। राज्य में 182 संक्रमितों का उपचार हो रहा है। औसतन हर दिन सवा दो लाख से ढाई लाख तक टेस्ट हो रहें हैं, जबकि पॉजिटिविटी दर 0.01 से भी कम हो गई है और रिकवरी दर 98.7 फीसदी है।
पिछले 24 घंटे में हुई 02 लाख 21 हजार 226 सैम्पल टेस्टिंग में 19 नए मरीजों की पुष्टि हुई। मात्र 09 जिलों में ही नए मरीज मिले। इसी अवधि में 16 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए। प्रदेश में अब तक 16 लाख 86 हजार 538 प्रदेशवासी कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं। यह सतर्कता और सावधानी बरतने का समय है। थोड़ी सी लापरवाही संक्रमण को बढ़ने का कारक बन सकती है।
प्रदेश के 34 जिलों अलीगढ़, अमरोहा, अयोध्या, आजमगढ़, बलिया, बलरामपुर, बांदा, बस्ती, बहराइच, भदोही, बिजनौर, बुलंदशहर, चंदौली, चित्रकूट, एटा, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, गोंडा, हमीरपुर, हरदोई, हाथरस, कानपुर देहात, कासगंज, महोबा, मुरादाबाद, पीलीभीत, प्रतापगढ़, रामपुर, सहारनपुर, शामली, श्रावस्ती, सिद्धार्थ नगर, सुल्तानपुर और सोनभद में कोविड का एक भी मरीज शेष नहीं है।


Download Android App
Download iOS App



