उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने किसानों को आकर्षित करने के लिए एक कदम उठाया है। कांग्रेस ने 2.72 करोड़ किसानों से संपर्क करने के लक्ष्य से ‘किसान जन जागरण यात्रा’ शुरू की है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि पार्टी यात्रा के दौरान 55 लाख परिवारों से संपर्क करेगी और प्रत्येक पांचवां किसान परिवार इस अभियान का हिस्सा होगा।
उन्होंने कहा कि 25,000 कांग्रेस कार्यकर्ता इस 40 दिन लंबी यात्रा में दूरदराज के गांवों में जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से बाद में पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी जुड़ेंगी। उन्होंने कहा, “हम किसानों और उनसे जुड़ी समस्याओं को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ 12,000 से ज्यादा ‘नुक्कड़ सभाएं’, 900 प्रेस वार्ताएं और 800 विरोध प्रदर्शन आयोजित करेंगे।”लल्लू ने इसके साथ ही कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान फर्जी वादे करने के बाद अपनी सुविधा के अनुसार किसानों की समस्याओं की तरफ से आंखें मूंद ली है।
दिल्ली चुनाव के मद्देनजर SC ने लिया फैसला, शाहीन बाग प्रदर्शन के खिलाफ याचिकाओं पर सोमवार को होगी सुनवाई
उन्होंने कहा, “आवार पशु फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, बिजली की बढ़ी कीमतें किसानों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही हैं और मुख्यमंत्री द्वारा की गई ऋणमाफी योजना नाकाफी साबित हुई है। गन्ना किसानों को उनका भुगतान नहीं मिला है और राज्य सरकार ने गन्ना के न्यूनतम समर्थन मूल्य में कोई बढ़ोतरी नहीं की है।” प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसान प्रतिकूल मौसम की मार की वजह से बुरी तरह प्रभावित हैं और इस बाबत अधिकतर किसानों को मुआवजा नहीं दिया गया है। यात्रा के दौरान, कांग्रेस किसानों से उनकी मांगों को लेकर ‘किसान पत्र’ भरवाएगी, जिसे राज्य सरकार को सौंपा जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



