उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सभी पार्टियों में भारी उठापटक का दौर जारी है, सभी दलों के बड़े नेता दलबदल कर समीकरणों को लगातार बदल रहे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस को बड़ा झटका लगने वाला है, चुनावी गलियारों में ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में शुमार आरपीएन सिंह आज कांग्रेस का हाथ छोड़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम सकते हैं। इसके अलावा समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक शरद वीर सिंह के भी बीजेपी में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
आरपीएन सिंह का BJP में शामिल होना बढ़ा सकता है स्वामी की मुश्किलें
जानकारी के मुताबिक आरपीएन सिंह नई दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में आज ही पार्टी की सदस्यता लेंगे। पडरौना राजघराने से आने वाले आरपीएन के जरिए बीजेपी चुनाव में एक तीर से दो निशाना साधने की कोशिश कर रही है। दरअसल बीजेपी आरपीएम सिंह को अपने बागी नेता स्वामी प्रसाद मौर्या के खिलाफ काट की तरह इस्तमाल कर सकती है और सिंह को पडरौना से चुनावी मैदान में उतार सकती है। बताते चलें कि सपा ने स्वामी के टिकट की घोषणा अभी तक नहीं की है। हालांकि स्वामी का नाम सपा के स्टार प्रचारकों कि लिस्ट में शामिल है।
आरपीएन सिंह के BJP का दामन थामने से कांग्रेस का होगा बड़ा नुकसान
बता दें कि ज्योतिरादित्य सिंधिया और जितिन प्रसाद के बाद आरपीएन सिंह का भी भाजपा में शामिल होना कांग्रेस के लिए बहुत बड़ा नुक्सान साबित होगा। कई लोगों का मानना है कि आरपीएन सिंह के भाजपा का दामन थामने के पीछे सिंधिया का बहुत बड़ा हाथ है। बता दें कि आरपीएन सिंह 1996 से लेकर 2009 तक कुशीनगर जिले की पडरौना विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक रहे। वह साल 2009 में कांग्रेस के टिकट पर कुशीनगर से जीत कर लोकसभा पहुंचे थे। अब देखना यह है कि क्या आरपीएन सिंह और स्वामी प्रसाद मौर्य का चुनावी राण में आमना सामना होगा या स्वामी अपनी सीट बदल कर कहीं और से चुनाव लड़ेंगे।


Download Android App
Download iOS App



