उत्तर प्रदेश में 2022 की शुरूआत में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी को जीत दिलाने के लिए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जोर-शोर से जुटे हुए हैं। शाह लगातार उत्तर प्रदेश का दौरा कर रैलियां कर रहे हैं और पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी फीडबैक भी ले रहे हैं।
शाह दोपहर 2 बजे अलीगढ़ पहुंचकर एक बड़ी रैली को संबोधित करेंगे
इसी अभियान में जुटे अमित शाह गुरुवार, 30 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के तीन जिलों – मुरादाबाद, अलीगढ़ और उन्नाव में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।तय कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह सबसे पहले दोपहर 12 बजे मुरादाबाद में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाह दोपहर 2 बजे अलीगढ़ पहुंचकर एक बड़ी रैली को संबोधित करेंगे।
लखनऊ में पार्टी नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक भी करेंगे
मुरादाबाद और अलीगढ़ में जनसभाओं को संबोधित करने के बाद अमित शाह उन्नाव के लिए रवाना हो जाएंगे, जहां शाम 4 बजे शाह जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्नाव की आखिरी रैली के बाद शाह प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रात्रि विश्राम करेंगे। बताया जा रहा है कि शाह चुनावी तैयारियों के मद्देनजर लखनऊ में पार्टी नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक भी करेंगे।
शाह एक बार फिर से पुराने स्टाइल में राज्य में सक्रिय हो गए हैं
दरअसल, उत्तर प्रदेश की राजनीति के माहिर माने जाने वाले अमित शाह एक बार फिर से पुराने स्टाइल में राज्य में सक्रिय हो गए हैं। शाह दिन भर राज्य के अलग-अलग जिलों में चुनावी रैलियां करते हैं और रात में संगठन के नेताओं के साथ बैठक कर जमीनी चुनावी हालात और मुद्दों के साथ-साथ उपयुक्त उम्मीदवारों के नाम पर भी मंथन करते हैं।इससे पहले मंगलवार को शाह ने हरदोई और सुल्तानपुर में रैलियां करने के बाद काशी पहुंचकर पार्टी संगठन के नेताओं के साथ ‘ रात्रि बैठक ‘ कर चुनावी मुद्दों और तैयारियों को लेकर चर्चा की थी।


Download Android App
Download iOS App



