यूपी चुनाव : भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा आज दो जिलों में करेंगे प्रचार, पदाधिकारियों के साथ करेंगे बैठक

Summary :

विधानसभा चुनाव शुरू होने में कुछ ही दिन बाकी रह गए है और सभी पार्टियों के नेता चुनाव प्रचार में लगे हुए है

उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव शुरू होने  में कुछ ही दिन बाकी रह गए है और सभी पार्टियों के नेता चुनाव प्रचार में लगे हुए है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा भी आज प्रदेश के जालौन और कानपुर देहात जिले में प्रचार करेंगे। प्रदेश भाजपा कार्यालय की ओर से प्राप्त जानकारी के मुताबिक नड्डा इस दौरान संगठनात्मक बैठकें कर विधान सभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करेंगे। 
कार्यकर्ताओं तथा पदाधिकारियों के साथ करेंगे बैठक 
चुनाव प्रचार के लिए नड्डा जालौन जिले की माधौगढ़ विधान सभा सीट पर दिन में 11:40 बजे एस.आर.पी कालेज के मैदान में सार्वजनिक सभा को सम्बोधित करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 01:15 बजे उरई विधान सभा क्षेत्र में राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में सार्वजनिक सभा को सम्बोधित कर दिन में 02:20 बजे पार्टी कार्यकर्ताओं तथा पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। वह कानपुर देहात जिले की भोगनीपुर विधान सभा क्षेत्र में दोपहर 03:30 बजे पुखराया स्थित रामस्वरूप ग्रामोद्योग महाविद्यालय के मैंदान में सार्वजनिक सभा को सम्बोधित करेंगे।
उप मुख्यमंत्री मौर्य भी करेंगे प्रचार 
भाजपा अध्यक्ष के अलावा  प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आगरा एवं डॉ दिनेश शर्मा इटावा एवं औरैया जिलों में भाजपा के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे। मौर्य दिन में 11:30 बजे फतेहपुर सीकरी, दोपहर लगभग दो बजे फतेहाबाद और तीन बजे बाह विधान सभा क्षेत्रों में सार्वजनिक सभाओ को संबोधित करेंगे। वहीं, डा शर्मा दिन में 11:30 बजे औरैया की बिधूना विधान सभा सीट पर और दोपहर दो बजे इटाव की भरथना सीट पर बकेवर में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

Desk Team