UP: प्रयागराज में आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत

Summary :

आकाशीय बिजली की चपेट में आकर प्रयागराज के परिवार ने खोई जान

प्रयागराज जिले के सोनबरसा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना ने क्षेत्र में आकाशीय बिजली के खतरों को उजागर किया है।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में एक दर्दनाक घटना हुई, जिसमें एक ही परिवार के 4 लोग मारे गए हैं। जिले के बारा थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में देर रात आकाशीय बिजली गिरी। परिवार के चार सदस्य इसकी चपेट में आए और मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है।

बारा की सहायक पुलिस आयुक्त कुंजलता ने बताया कि प्रयागराज के बारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोनबरसा गांव में रात करीब एक बजे एक मकान पर आकाशीय बिजली गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे, जिनमें पति-पत्नी के अलावा दो बच्चियां शामिल हैं। शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

बीते कुछ हफ्तों में प्रयागराज के अलावा फतेहपुर और फिरोजाबाद में भी आकाशीय बिजली गिरने से कई लोगों की जान जा चुकी है। 22 मई को फतेहपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हुई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के नंदापुर गांव में 16 वर्षीय अंशिका शुक्ला घर के बाहर सूख रहे कपड़े उठाने गई थी, तभी पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरी। बिजली की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पेड़ टूटकर अंशिका के ऊपर गिर गया और उसकी मौत हो गई। दूसरी घटना बकेवर थाना क्षेत्र के मोहीउद्दीनपुर आलमपुर गांव में हुई, जहां 57 वर्षीय राम बाबू अपने मकान की दूसरी मंजिल पर लेटे थे।

तीसरी घटना गाजीपुर थाना क्षेत्र के पाइने गांव से सामने आई। 85 वर्षीय मौजी लाल अपने नाती के घर आए हुए थे और नीम के पेड़ के नीचे सो रहे थे। अचानक बिजली गिरने से पेड़ चपेट में आ गया और मौजी लाल की भी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में मैकू (50) और राजेश (24) गंभीर रूप से झुलस गए।

इसके पहले 2 मई को फिरोजाबाद में आकाशीय बिजली गिरने से दो मनरेगा मजदूरों की मौत हो गई। थाना नसीरपुर क्षेत्र के कुतकपुर गांव में 15 मनरेगा मजदूर काम कर रहे थे, तभी आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई और अचानक आकाशीय बिजली गिरने से दो मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

यूपी पुलिस में 60,244 युवाओं को नियुक्ति पत्र, शाह और योगी की मौजूदगी

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.