उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में भारी बारिश को देखते हुए संबंधित जिला प्रशासन ने सोमवार को कक्षा 12 तक के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों को बंद करने का फैसला किया है।
रविवार को जारी एक बयान में लखनऊ के जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार के हवाले से कहा गया कि लखनऊ के समस्त क्षेत्र में नौ अक्टूबर (रविवार) सायंकाल से हो रही मूसलाधार बारिश तथा मौसम विभाग द्वारा 10 अक्टूबर (सोमवार) के लिए जारी चेतावनी के दृष्टिगत सभी बोर्ड के कक्षा 12 तक के शहरी एवं एवं ग्रामीण क्षेत्रों के समस्त सरकारी और निजी विद्यालयों में सोमवार को अवकाश घोषित किया गया है।
एक अन्य जानकारी के अनुसार लखनऊ के अलावा गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), गाजियाबाद, आगरा, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, कानपुर, एटा, मैनपुरी, फिरोजाबाद में भी जिला प्रशासन ने सोमवार को स्कूलों को बंद करने के आदेश दिए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा जारी ये आदेश सभी शिक्षा मंडलों के 12वीं कक्षा तक के सभी विद्यालयों के लिए है। जहां अधिकांश जिलों में सोमवार को स्कूल बंद करने का आदेश दिया गया है। वहीं अलीगढ़ में 12 अक्टूबर तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



