उत्तर प्रदेश के वाराणसी एयरपोर्ट पर रविवार सुबह हथियार की जांच के दौरान अचानक गोली चलने से दो लोग (एक महिला और एक युवक) घायल हो गए। यह गोली आजमगढ़ के एक यात्री की पिस्तौल से चली, जिसके बारे में उसने पहले ही जानकारी दी थी। पिस्तौल से चली गोली जमीन से टकराकर पास खड़े दो लोगों को जा लगी, जिससे महिला की जांघ और युवक के हाथ में चोट आई। दोनों घायलों को वाराणसी के हरहुआ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यात्री के पास थी लाइसेंसी पिस्टल और मैगजीन
पुलिस के अनुसार, आजमगढ़ जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव निवासी 55 वर्षीय कमलेश राय अपनी पत्नी सुषमा राय के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX1810 से वाराणसी से मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। यात्री के पास लाइसेंसी पिस्टल और मैगजीन रखी थी, जिसकी जानकारी उन्होंने पहले ही अधिकारियों को डिक्लेयर कर दी थी।
जांच के दौरान हुई फायरिंग, 2 कर्मी घायल

वाराणसी एयरपोर्ट के डायरेक्टर पुनीत गुप्ता के अनुसार, यात्री के सामान में रखी पिस्टल को जांच के लिए निकाला गया था। तभी हथियार की जांच के दौरान उसमें मौजूद कारतूसों की गिनती की जा रही थी, इस दौरान अचानक पिस्टल से एक राउंड फायरिंग हो गई। जिसमें स्टाफ की एक महिला और पुरुष को गोली लग गई। महिला के दोनों पैरों की जांघ में गोली लगी, जबकि दूसरे कर्मचारी के बाएं हाथ के अंगूठे में चोट आई है। घटना के बाद दोनों को अस्पताल भेजा गया।
जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यात्री के ट्रैवलिंग बैग में पिस्तौल भूलवश रह गई थी। पुलिस और एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि चेकिंग के दौरान हथियार से फायर किन परिस्थितियों में हुआ और क्या सुरक्षा जांच में कोई चूक हुई थी। फिलहाल एयरपोर्ट पर स्थिति पूरी तरह सामान्य है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App




