लखीमपुर खीरी : वरुण गांधी ने ट्वीट किया एक और वीडियो, कहा-हत्या के माध्यम से चुप नहीं कराया जा सकता

Summary :

वरुण गांधी ने एक बार फिर लखीमपुर खीरी घटना के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने घटना का वीडियो जारी करते हुए कहा कि प्रदर्शनकारियों को हत्या के माध्यम से चुप नहीं कराया जा सकता है।

उत्तर प्रदेश में लखीमपुर खीरी घटना को लेकर विपक्ष का बवाल जारी है। इस बीच पीलीभीत से बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने एक बार फिर घटना के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने घटना का वीडियो जारी करते हुए कहा कि प्रदर्शनकारियों को हत्या के माध्यम से चुप नहीं कराया जा सकता है।
बीजेपी सांसद ने ट्वीटर पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, वीडियो बिल्कुल साफ है। हत्या के जरिए प्रदर्शनकारियों को चुप नहीं कराया जा सकता। रोंदे गए किसानों के निर्दोष खून के लिए जवाबदेही होनी चाहिए और अहंकार और क्रूरता का संदेश हर किसान के दिमाग में आने से पहले न्याय दिया जाना चाहिए। 


वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि किस तरह एक कार किसानों को रौंदते हुए चली जाती है। काले रंग की पहली गाड़ी के पिछले एक के बाद एक कई गाड़ियां वहां से गुजरती हैं। घटना का आरोप केंद्रीय गृहराज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा पर लगा है। आशीष के खिलाफ दर्ज एफआईआर में उनके खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।

इससे पहले भी वरुण गांधी घटना को लेकर ट्वीट करते हुए आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी की मांग कर चुके है। उन्होंने किसानों को गाड़ी से कुचलने वाले इस वीडियो को आत्मा को झखझोर देने वाला बताया था। यह पहली बार नहीं है जब बीजेपी सांसद ने किसानों के समर्थन में अपनी बात कही हो। इससे पहले भी वह कई बार किसानों के प्रति अपना प्रेम दिखा चुके हैं।

Desk Team