अयोध्या को लेकर नेपाली प्रधानमंत्री केपी ओली के बयान का भारत में जगह-जगह विरोध हो रहा है। जिसका खामियाजा कहीं न कहीं नेपाली मूल के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। ताजा मामला उत्तर प्रदेश के वाराणसी का है, जहां विश्व हिंदू सेना के अध्यक्ष अरुण पाठक द्वारा एक नेपाली युवक का सिर मुंडन करते हुए वीडियो वायरल हुआ है। जिसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
विश्व हिंदू सेना ने न सिर्फ नेपाली युवक का मुंडन करवाया, बल्कि उसके सिर पर जय श्रीराम भी लिख दिया। साथ ही नेपाली युवक से अपने संगठन व भारत के समर्थन में नारे लगवाए और नेपाली पीएम ओली के खिलाफ नारेबाजी कराई। इस दौरान एक युवक ने इस घटना को अपने मोबाइल में कैद कर दिया।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई। हिंदूवादी संगठन के अध्यक्ष और इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्जकर मामले की जांच में जुट गई। विश्व हिंदू सेना ने नेपाली पीएम ओली के बयान की निंदा वाले पोस्टर गंगा किनारे घाटों और मंदिरों पर लगाए हैं।
इस मामले में नेपाली समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्टर लगाने, नेपाल के कथित नागरिक का सिर मुड़ाकर फेसबुक पर पोस्ट करने और विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य की भावना पैदा के आरोप में धारा 505 (2), 295 और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



