उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि अयोध्या में जो भी निर्माण कार्य चल रहे हैं उसको समय सीमा के अन्दर गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर लिया जाय। योगी ने आज यहां श्रीराम मंदिर आंदोलन के महानायक साकेतवासी महंत परमहंस रामचन्द्र दास की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि श्रीराम मंदिर आंदोलन के महानायक रहे परमहंस रामचन्द्र दास की दिली इच्छा थी कि अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण हो जो आज उनके इच्छानुसार हो रहा है। मंदिर आंदोलन के महानायक परमहंस रामचन्द्र दास जी का आज बीसवीं पुण्यतिथि है इसलिए यहां आकर उनको याद कर रहा हूं।
प्रदेश के मुख्यमंत्री श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला का दर्शन-पूजन करने के बाद श्रीरामजन्मभूमि पर बन रहे रामलला के भव्य मंदिर निर्माण का अवलोकन तो किया ही साथ ही साथ मंदिर निर्माण को घूम-घूम कर देखा भी और श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्यों से जानकारी भी हासिल की। योगी इसके बाद दिगम्बर अखाड़ा के महंत एवं श्रीराम मंदिर आंदोलन के महानायक परमहंस रामचन्द्र दास के दिगम्बर अखाड़ा में पहुंचकर वहां के मंदिर में पूजा की तथा दिगम्बर अखाड़े के प्रमुख महंत सुरेश दास तथा नये महंत रामलखन दास के महंती समारोह में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने गणमान्य व पूज्य संतों से मुलाकात भी की और अयोध्या के विकास सम्बन्धित बिंदुओं पर चर्चा भी किया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद महंत रामविलास दास वेदान्ती, दिगम्बर अखाड़ा के महंत सुरेश दास, महंत मैथिलीशरण दास, महंत राजूदास, महंत संतोष दास, महंत धर्मदास, महंत अवधेश दास, मैथिली शरण दास, भरत दास, वैदेही वल्लभ, रामदास, श्रीरामजन्मभूमि ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं मणिराम दास छावनी के महंत नृत्यगोपाल दास के उत्तराधिकारी कमलनयन दास, महंत जयराम दास, महंत बलरामदास, आशुतोष दास सहित आदि संत धर्माचार्य उपस्थित थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरयू सलिला के निकट सरयू होटल में प्रशासनिक अधिकारियों की एक बैठक की। उन्होंने कहा कि अयोध्या में जो भी निर्माण कार्य चल रहे हैं निश्चित समय सीमा के अंदर गुणवत्ता के साथ पूरा कर लिया जाय। आगामी दीपोत्सव को देखते हुए तैयारियां तेज कर दी जाएं।
अयोध्या में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिले इस पर विशेष ध्यान दिया जाए। इस दौरान ए.डी.जी. लखनऊ जोन पीयूष मोडिंया, अयोध्या मण्डलायुक्त गौरव दयाल, पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी नितीश कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरण नैय्यर, अयोध्या के सांसद लल्लू सिंह, नगर निगम के महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, विधायक रामचन्द्र यादव, नगर निगम अयोध्या के नगर आयुक्त विशाल सिंह, भाजपा नगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी नगर सलिल कुमार पटेल, पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल सोनकर सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।


Download Android App
Download iOS App



