गोरखपुर से चुनावी मैदान में उतरेंगे योगी, अखिलेश बोले- BJP ने उन्हें पहले ही घर भेज दिया

Summary :

बीजेपी ने यूपी विधानसभा के जारी की अपनी पहली लिस्ट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गोरखपुर से उम्मीदवार बनाया है।

उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों के लिए बीजेपी ने अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गोरखपुर से उम्मीदवार बनाया है। पार्टी के इस फैसले पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी ने योगी आदित्यनाथ को घर भेज दिया, अब उन्हें वहां से वापस आने की ज़रूरत नहीं है।
बीजेपी की आज जारी लिस्ट पर अखिलेश ने कहा कि कभी कहते थे मथुरा से लड़ेंगे, कभी अयोध्या से तो कभी प्रयागराज से लड़ने की बात करते थे। मुझे इस बात की खुशी है कि BJP ने उन्हें (योगी आदित्यनाथ) अपने घर भेज दिया। अब मुझे लगता है कि गोरखपुर में ही उन्हें रहना पड़ेगा अब वहां से वापस आने की ज़रूरत नहीं है।

UP Assembly Election 2022 : CM योगी गोरखपुर और डिप्टी सीएम केशव मौर्य सिराथू सीट से लड़ेंगे चुनाव

मुख्यमंत्री योगी पर हमला करते हुए सपा प्रमुख ने कहा, जो सीएम गोरखपुर में मेट्रो न चला पाएं हो, जो सीवर लाइन न बिछा पाए हों, जिसने बिजली महंगा कर दिया है, जनता उसे क्या उम्मीद करेगी। गोरखपुर में सभी सीटें समाजवादी पार्टी जीतेगी। अखिलेश ने कहा कि यूपी की 80 फीसदी जनता हमारे साथ है। दरअसल, योगी के अयोध्या से चुनावी मैदान में उतरने की खबरों के बीच स्पष्ट हो गया है कि मुख्यमंत्री अपनी पुरानी सीट से चुनाव लड़ेंगे। 
चंद्रशेखर के इंकार पर अखिलेश का जवाब
भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आज़ाद द्वारा सपा से गठबंधन पर इंकार को लेकर अखिलेश ने कहा, समाजवादी पार्टी से उन्होंने जो भी बात की मैंने उनकी बात मानी और रामपुर मनिहरन और गाज़ियाबाद वाली सीटें उनको दी। उन्होंने किसी से फोन पर बात करने के बाद मुझको बताया कि वह चुनाव साथ में नहीं लड़ सकते। 

Desk Team