राजस्थान से बद्रीनाथ दर्शन को आई थीं दो बुजुर्ग बहनें, तप्त कुंड में 108 डुबकी लगाने के दौरान हुई मौत

Summary :

Bhilwara Women Died in Badrinath: बद्रीनाथ धाम के तप्त कुंड में शुक्रवार सुबह स्नान के दौरान राजस्थान के भीलवाड़ा की दो बुजुर्ग बहनों की मौत हो गई। रामू देवी (71) और प्रेम देवी (63) 108 डुबकियां लगा रही थीं। अचानक दोनों बेहोश होकर कुंड में गिर गईं। CPR के बाद अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

Bhilwara Women Died in Badrinath: उत्तराखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बद्रीनाथ धाम से आज यानी शुक्रवार एक बुरी खबर सामने आई है। दरअसल,  मंदिर परिसर के पास स्थित प्रसिद्ध तप्त कुंड में स्नान के दौरान राजस्थान के भीलवाड़ा जिले की दो बुजुर्ग महिलाओं की मौत हो गई। दोनों महिलाएं आपस में बहनें थीं और बद्रीनाथ धाम में आयोजित भागवत कथा में शामिल होने के लिए यहां पहुंची थीं। वहीं प्राथमिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि गर्म पानी में लगातार काफी देर तक डुबकी लगाने के कारण दोनों महिलाओं की तबीयत बिगड़ी। शरीर में ऑक्सीजन की कमी या किसी अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्या को भी हादसे की  वजह माना जा रहा है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,  बद्रीनाथ SHO महादेव उनियाल ने बताया कि  भीलवाड़ा से श्रद्धालुओं का एक दल 4 सितंबर को बद्रीनाथ धाम आया था। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े चार बजे दल के 5 लोग मंदिर में भगवान बद्रीविशाल के दर्शन के लिए पहुंचे। दल में 4 महिलाएं और एक पुरुष शामिल थे। पुरुष श्रद्धालु अमर चंद्र शर्मा पुरुषों के लिए बने तप्त कुंड में स्नान करने चले गए। वहीं, चारों महिलाएं महिलाओं के लिए निर्धारित कुंड में स्नान करने लगीं।

108 डुबकी लगाते समय अचानक हुई बेहोश

बता दें  कि रामू देवी (71) और उनकी बहन प्रेम देवी (63) धार्मिक आस्था के साथ तप्त कुंड में स्नान कर रही थीं। उनके साथ मौजूद भगवती और सोनी के अनुसार, दोनों महिलाएं भगवान का नाम लेते हुए लगातार डुबकियां लगा रही थीं। दोनों ने करीब 108 डुबकी लगाने की कोशिश की। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे गर्म पानी में बेहोश होकर गिर पड़ीं। दोनों को इस हालत में देखकर वहां मौजूद महिलाओं में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तुरंत कुंड से बाहर निकाला गया।

घटना के बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने दोनों महिलाओं को बचाने की कोशिश की। उन्हें होश में लाने के लिए मौके पर ही CPR दिया गया। इसके बाद दोनों को तुरंत  बद्रीनाथ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। लेकिन,  अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही श्रद्धालुओं के दल में शोक का माहौल छा गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने दोनों शवों को पंचनामा की कार्रवाई के बाद अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में जरूरी कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। शुरुआती जांच में अधिक देर तक गर्म पानी में डुबकी लगाने को तबीयत बिगड़ने की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच और मेडिकल प्रक्रिया  के बाद ही हो सकेगी।

इस हादसे से बद्रीनाथ धाम पहुंचे श्रद्धालुओं में भी दुख का माहौल है। धार्मिक यात्रा के दौरान दो बहनों की अचानक मौत ने उनके परिवार और साथ आए अन्य श्रद्धालुओं को गहरा सदमा दिया है।

यह भी पढ़ें: Uttarakhand NEET UG Counselling 2026: उत्तराखंड में काउंसलिंग का दूसरा चरण शुरू, MBBS-BDS की इतनी सीटें खाली, जानें कब तक कर सकेंगे आवेदन?

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।