Haldwani News: हल्द्वानी में अवैध क्लिनिक और मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई, 7 क्लिनिक और मेडिकल स्टोर में मिली गड़बड़ी

Summary :

Haldwani News: उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में बिना जरूरी अनुमति के क्लिनिक चलाने और मेडिकल स्टोर संचालित करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने अभियान चलाया। राजपुर क्षेत्र में प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने कई दुकानों की जांच की।

Haldwani News: उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में बिना जरूरी अनुमति के क्लिनिक चलाने और मेडिकल स्टोर संचालित करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने अभियान चलाया। राजपुर क्षेत्र में प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने कई प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान 7 क्लिनिक और मेडिकल स्टोर में नियमों से जुड़ी गड़बड़ियां सामने आईं। अधिकारियों ने संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की।

इस अभियान में सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसीएमओ डॉ. रजत भट्ट और ड्रग इंस्पेक्टर मीनाक्षी बिष्ट समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने प्रतिष्ठानों के दस्तावेजों, पंजीकरण और संचालकों की योग्यता से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की।

बिना रजिस्ट्रेशन  और योग्यता के प्रैक्टिस करने वालों पर कार्रवाई

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर बिनार जिस्ट्रेशन  मेडिकल  सेवाएं देने और जरूरी योग्यता के बिना इलाज करने वालों की जांच की जा रही है। इससे पहले भी इस तरह के अभियान चलाए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि राजपुर क्षेत्र में जांच के दौरान कुछ लोग अपनी दर्ज योग्यता से अलग चिकित्सा पद्धति से मरीजों का इलाज करते पाए गए। ऐसे मामलों में नियमों के अनुसार कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने साफ किया कि इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी।

जांच के दौरान बंद मिले कुछ मेडिकल स्टोर

एसीएमओ डॉ. रजत भट्ट के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान कुछ मेडिकल स्टोर बंद मिले। वहीं, कुछ संचालक टीम के पहुंचने से पहले ही वहां से चले गए थे। ऐसे संचालकों को बुलाकर उनके दस्तावेजों की जांच की जाएगी।

जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों पर वैध डिग्री और जरूरी पंजीकरण से संबंधित दस्तावेज भी नहीं मिले। इसके अलावा, टीम ने एक-दो डेंटल प्रतिष्ठानों की भी जांच की। अधिकारियों के अनुसार, कुछ जगहों पर आयुर्वेदिक चिकित्सकों द्वारा एलोपैथिक दवाएं बेचने के मामले सामने आए। इन मामलों में कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया।

मरीजों की सुरक्षा के लिए जारी रहेगा अभियान

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना वैध डिग्री, जरूरी पंजीकरण और निर्धारित नियमों का पालन किए बिना चिकित्सा सेवाएं देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और अवैध तरीके से चल रहे क्लिनिक व मेडिकल स्टोर पर रोक लगाना है। जांच के जरिए यह सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है कि लोगों को योग्य चिकित्सकों से इलाज मिले और दवाओं की बिक्री नियमों के अनुसार हो।

यह भी पढ़ें: “पति का दूसरी महिलाओं से संबंध…”, उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या ने रोते हुए शेयर किया वीडियो, लगाए गंभीर आरोप, FIR दर्ज

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।