पिथौरागढ़ में बड़ा हादसा, खाई में जीप गिरने से 8 लोगों की दर्दनाक मौत

Summary :

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के मुवानी इलाके में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है. थल-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर यात्रियों से भरी एक मैक्स जीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. इस हादसे में मौके पर ही 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग और आपदा प्रबंधन की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. बचाव अभियान तेजी से चलाया गया, और प्रशासन घायलों की हालत पर लगातार…

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के मुवानी इलाके में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है. थल-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर यात्रियों से भरी एक मैक्स जीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. इस हादसे में मौके पर ही 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग और आपदा प्रबंधन की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. बचाव अभियान तेजी से चलाया गया, और प्रशासन घायलों की हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है.

मृतकों की पहचान की जा रही

दुर्घटनाग्रस्त जीप मुवानी से बोकटा गांव की ओर जा रही थी. हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है. मृतकों की पहचान की प्रक्रिया प्रशासन द्वारा शुरू कर दी गई है. पुलिस इस हादसे की विस्तृत जांच कर रही है ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके.

एसपी रेखा यादव ने दी जानकारी

पिथौरागढ़ की पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने हादसे में 8 लोगों की मौत की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि राहत कार्य तेज गति से चल रहा है और इस घटना की जांच भी शुरू कर दी गई है.

प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर पर्वतीय जिला

पिथौरागढ़ उत्तराखंड का एक खूबसूरत पर्वतीय जिला है, जिसे ‘मिनी कश्मीर’ भी कहा जाता है. यह जिला समुद्र तल से करीब 1,645 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और इसकी सीमा नेपाल और तिब्बत (चीन) से लगती है. यहां  की घाटियाँ, बर्फ से ढके पहाड़ और नदियाँ इसे बेहद आकर्षक बनाते हैं.

ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व

पिथौरागढ़ से होकर कैलाश मानसरोवर यात्रा भी जाती है. यह क्षेत्र ऐतिहासिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि कभी यहां चंद राजाओं का शासन था. यहाँ पुराने किले और कई प्रसिद्ध मंदिर हैं, जिनमें कपिलेश्वर महादेव, थल केदार और नारायण आश्रम प्रमुख हैं.

यह भी पढ़ें-सीएम पुष्कर धामी ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से की मुलाकात

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।