Munsyari Cloud Burst: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मुनस्यारी क्षेत्र से हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां ला झेकला इलाके में तेज बारिश के बाद नदी और नाले भी उफान पर हैं। मुनस्यारी में बादल फटने की सूचना के बाद इलाके में लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई है। तेज बारिश की वजह से ला झेकला नाले का बहाव काफी बढ़ गया और पानी तेज गति से बहता दिखाई दे रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं, जिनमें बारिश और तेज बहाव का असर देखा जा सकता है। पिथौरागढ़ आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, तेजम और मुनस्यारी के बीच ला झेकला क्षेत्र में भारी बारिश की वजह से मलबा सड़क पर आ गया। इससे इस मार्ग पर गाड़ियों की आवाजाही रुक हुई है। प्रशासन और संबंधित विभाग की टीमें सड़क से मलबा हटाने में जुटी हैं, ताकि जल्द से जल्द रास्ते को दोबारा खोला जा सके।
जानमाल के नुकसान की खबर नहीं
प्रशासन के अनुसार, इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने या जानमाल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है। लेकिन, भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं स्थानीय भाजपा प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने भी बताया कि घटना में किसी तरह के जानमाल के नुकसान की जानकारी नहीं है। भारी बारिश के चलते सड़क बंद हुई है और स्थानीय प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ मार्ग को खोलने का काम कर रहा है। सरकार की ओर से भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
वहीं प्रशासन ने मौसम को देखते हुए लोगों को प्रभावित क्षेत्रों में ज्यादा सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि अगर जरूरी न हो तो खराब मौसम के दौरान यात्रा करने से बचें। खासकर पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और अचानक बढ़ने वाले नदी-नालों के खतरे को देखते हुए सतर्क रहना बेहद जरूरी है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से मौसम की जानकारी लेते रहने और किसी भी आपात स्थिति में अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। इसके साथ ही संवेदनशील इलाकों में निगरानी भी बढ़ाई जा रही है।
17 अगस्त तक बारिश होने की संभावना
उत्तराखंड में इन दिनों लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 14 से 17 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। देहरादून मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के अन्य जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क बाधित होने और नदी-नालों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी का खतरा बना हुआ है। ऐसे में जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। मुनस्यारी के ला झेकला क्षेत्र में भी सड़क से मलबा हटाने का काम जारी है।
यह भी पढ़ें: Chamoli Tunnel Accident Update: चमोली में THDC टनल में भरा पानी और मलबा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, 7 की मौत



Download Android App
Download iOS App




