15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस से कुछ घंटे पहले राजधानी दिल्ली को दहलाने की कोशिश की गई है।दिल्ली के कुछ हाई प्रोफइल जगहों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस खबर से दिल्ली भर में हड़कंप मच गया है। कई प्रमुख सरकारी और सार्वजनिक जगहों को निशाना बनाने की धमकी ई-मेल के जरिए मिली है। जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस, सुरक्षा एजेंसियां और बम निरोधक दस्ता अलर्ट मोड पर है। संबंधित स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अब तक की शुरुआती जांच में किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
किसके नाम पर भेजा गया धमकी भरा ई-मेल?
बता दें कि धमकी भरे ई-मेल में खालिस्तान का जिक्र किया गया है। ईमेल में दावा किया गया है कि दिल्ली हाई कोर्ट में दोपहर 2:11 बजे और जिला अदालत में दोपहर 3:11 बजे धमाके होंगे। इसमें 15 अगस्त को धमाके करने की योजना का जिक्र है और “दिल्ली बनाएगा खालिस्तान” जैसे शब्द लिखे गए हैं। दिल्ली मेट्रो और अंबाला आने-जाने वाली ट्रेनों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है। ईमेल में आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा और कनाडा से जुड़े एक नाम का भी जिक्र है। हालांकि, इन दावों की अभी पुष्टि नहीं हुई है और एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
धमकी मिलने के बाद, पुलिस और दूसरी सुरक्षा एजेंसियों ने संबंधित जगहों पर जांच शुरू कर दी है। इन जगहों पर बम डिस्पोजल स्क्वॉड और दूसरी खास टीमें तैनात की गई हैं। सुरक्षा बढ़ा दी गई है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नज़र रखी जा रही है। अधिकारियों की प्राथमिकता किसी भी संभावित खतरे को टालना है। ईमेल कहां से आया और इसके पीछे कौन है, इसका पता लगाने के लिए भी जांच चल रही है। फिलहाल, लोगों से अपील की जा रही है कि वे घबराएं नहीं बल्कि सतर्क रहें।
बम हमले की धमकी वाली जगहें
धमकी भरे ईमेल में कई जगहों का ज़िक्र है, जिनमें दिल्ली हाई कोर्ट, जामनगर हाउस, झंडेवालान बिल्डिंग, MB साकेत में DM ऑफिस, IGI एयरपोर्ट का टर्मिनल-3, दिल्ली कैंट में SDM ऑफिस और लाल किला शामिल हैं। ईमेल में दिल्ली मेट्रो लाइनों और अंबाला से आने वाली ट्रेनों पर भी बम हमले की धमकी दी गई है। इसके अलावा, इसमें 1984 के सिख-विरोधी दंगों का भी ज़िक्र है। सुरक्षा एजेंसियां ईमेल की सच्चाई और इसके पीछे के मकसद की जांच कर रही हैं।



Download Android App
Download iOS App




