उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देहरादून में तीन से नौ नवंबर तक रजत जयंती सप्ताह मनाया जाएगा। उत्तराखंड स्थापना दिवस को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह वर्ष सभी उत्तराखंड निवासियों और राज्य के बाहर रहने वाले उत्तराखंडियों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह हमारा रजत जयंती वर्ष है। उन्होंने कहा कि हम इसको लेकर क्रमबद्ध तरीके से रजत जयंती कार्यक्रमों का आयोजन कर रहे हैं। 5 नवंबर को प्रवासी उत्तराखंडी भाई-बहनों का एक सम्मेलन कर रहे हैं। यह सम्मेलन हमारे प्रवासी भाइयों में यह विश्वास जगाने के लिए है कि उत्तराखंड उनके पूर्वजों का राज्य है, उसको आगे बढ़ाने के लिए सहभागी बनें।
अलग-अलग थीम पर आयोजित होंगे कार्यक्रम
सीएम धामी ने कहा कि पिछले साल भी हमने एक सम्मेलन आयोजित किया था, जिसमें दुनियाभर से प्रवासी उत्तराखंडी भाई-बहन शामिल हुए थे। उन्होंने अनेक सुझाव दिए थे, कई संकल्प दिए थे। उन्होंने अपने पैतृक गांव से जुड़ने, उनको गोद लेने और राज्य के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया था। पिछले साल का हमारा अनुभव कहता है कि वो एक अच्छा अनुभव लेकर यहां से गए। कई लोगों ने उनको याद करने के लिए उत्तराखंड सरकार को धन्यवाद दिया। रजत जयंती सप्ताह के अवसर पर नारी शक्ति दिवस, सुशासन दिवस, यूथ स्पोर्ट्स, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन, बलिदानियों को नमन, ऐतिहासिक व सांस्कृतिक विरासत, रोजगार दिवस, स्वदेशी खाद्य, विकास का सफर आदि विषयों पर आधारित प्रतिदिन अलग-अलग थीम के साथ पूरे जनपद में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भ्रष्टाचार के खिलाफ धामी सरकार का सख्त निर्देश
इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रीय एकता दिवस मनाने के लिए देहरादून में एकता मार्च का आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर एक सभा को भी संबोधित किया। सैन्यधाम घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी सरकार में भ्रष्टाचार या धोखाधड़ी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और किसी भी गलत काम से निर्णायक और उचित तरीके से निपटा जाएगा। सभी प्रक्रियाओं का पालन किया गया है और मामले की जांच की गई है। अगर किसी के पास भ्रष्टाचार के सबूत हैं तो हम उसके खिलाफ जरूर कार्रवाई करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



