उत्तराखंड: काशीपुर पहुंचे राज्यपाल गुरमीत सिंह, ननकाना साहिब में परिवार संग टेका मत्था

Summary :

खालसा फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने किया स्वागत

उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह ने काशीपुर में गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब में परिवार संग मत्था टेका। उन्हें डेरा कारसेवा के बाबा सुरेन्द्र सिंह और खालसा फाउंडेशन द्वारा सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने क्षेत्र के विकास पर अधिकारियों संग बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) सोमवार को सपरिवार उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिवार के साथ गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब में माथा टेका और आशीर्वाद लिया। डेरा कारसेवा के बाबा सुरेन्द्र सिंह और गुरुद्वारा सिंह सभा तथा खालसा फाउंडेशन की टीम द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने काशीपुर पहुंचने पर गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब में मत्था टेका तथा काशीपुर से ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब में अरदास के बाद परिवार सहित गुरु ग्रंथ साहिब जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान काशीपुर, जसपुर, बाजपुर, गदरपुर एवं पूरे कुमाऊं भर से गुरुद्वारा कमेटी के सदस्य और पदाधिकारी पहुंचे।

डेरा कारसेवा के सेवादार बाबा सुरेंद्र सिंह ने राज्यपाल और उनके परिवार का सर्वप्रथम स्मृति चिह्न देकर और सरोपा भेंटकर काशीपुर गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब आगमन पर स्वागत किया। साथ ही गुरुद्वारा सिंह सभा एवं खालसा फाउंडेशन के पदाधिकारियों द्वारा भी राज्यपाल का स्वागत किया गया।

इसके बाद मुरादाबाद रोड स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति के गेस्ट हाउस में पहुंचकर अधिकारियों के साथ एक बैठक की। बैठक में क्षेत्र के विकास से संबंधित बिंदुओं पर चर्चा की तथा क्षेत्र के विकास से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान क्षेत्र के विकास के लिए परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की और इस संबंध में डीपीआर बनाने के निर्देश भी दिए।

इस दौरान उधम सिंह नगर जिले के जिलाधिकारी नितिन भदोरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, एसपी क्राइम उधम सिंह नगर निहारिका तोमर, एसपी सिटी काशीपुर अभय सिंह, उप जिलाधिकारी काशीपुर अभय प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी बाजपुर डॉ. अमृता शर्मा, पुलिस क्षेत्राधिकारी काशीपुर दीपक सिंह, काशीपुर कोतवाली प्रभारी अमरचंद शर्मा, गोंडा थाना प्रभारी हरेंद्र चौधरी समेत तमाम पुलिस अधिकारी डेरा कारसेवा के सेवादार और खालसा फाउंडेशन की टीम भी उपस्थित रही।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.