दिल्ली: मेयर राजा इकबाल ने AAP पर साधा निशाना, मानसून की तैयारियों पर दी जानकारी

Summary :

AAP ने झूठ और भ्रम के सहारे ठगने का काम किया

दिल्ली के मेयर राजा इकबाल ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए झूठ और भ्रम के सहारे ठगने का आरोप लगाया है। राजा इकबाल ने दिल्ली के विकास पर भाजपा और नगर निगम की प्राथमिकताओं को भी स्पष्ट किया। कूड़े के तीनों पहाड़ों को हटाने की प्रक्रिया तेज है, सभी पार्कों को सुंदर और हरा-भरा बनाया जा रहा है, कम्युनिटी हॉलों को सुधारा जा रहा है।

दिल्ली के मेयर राजा इकबाल ने सोमवार को आम आदमी पार्टी पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने यह साफ कर दिया कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की जनता को दस सालों तक सिर्फ झूठ और भ्रम के सहारे ठगने का काम किया है, लेकिन अब दिल्ली की जनता जाग चुकी है और इस झूठे शासन को नकार चुकी है। समाचार एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत में राजा इकबाल ने कहा कि आपने बीते वर्षों में कोई ठोस काम नहीं किया। दूसरी तरफ, भाजपा के कार्यकाल में जहां-जहां झुग्गियां टूटी हैं, वहां झुग्गीवासियों को पहले ही फ्लैट्स की चाबी देकर पुनर्वास किया गया। आम आदमी पार्टी ने विकास रोककर दिल्ली को नर्क बना दिया और अब उनके पास कहने को कुछ नहीं बचा तो झूठ फैला रहे हैं। आप एक भ्रष्टाचारी पार्टी है और सभी पुराने भ्रष्टाचार मामलों की जांच चल रही है, जिनकी रिपोर्ट जल्द सामने आएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

राजा इकबाल ने दिल्ली के विकास पर भाजपा और नगर निगम की प्राथमिकताओं को भी स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने के लिए बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। कूड़े के तीनों पहाड़ों को हटाने की प्रक्रिया तेज है, सभी पार्कों को सुंदर और हरा-भरा बनाया जा रहा है, कम्युनिटी हॉलों को सुधारा जा रहा है, बच्चों के लिए प्राथमिक शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है और सबसे अहम बात– एक ट्रांसपेरेंट, सरल और भ्रष्टाचार-मुक्त सिस्टम तैयार किया जा रहा है।

आम आदमी पार्टी पर खालिस्तानी एजेंटों से संबंध होने का दावा करते हुए राजा इकबाल ने कहा कि कई ऐसे इनपुट हैं, जिनसे यह साफ होता है कि आप नेताओं के संबंध देश के बाहर बैठे खालिस्तानी और पाकिस्तानी एजेंटों से हैं, जो उन्हें फंडिंग भी दे रहे हैं। ऐसे देशद्रोही तत्वों पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए और देश की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

भीषण गर्मी से लोग बेहाल, जानिए बिहार में कब होगी बारिश?

सिख समुदाय और प्रधानमंत्री मोदी के बीच गहरा भरोसा जताते हुए राजा इकबाल ने कहा कि सिख हमेशा से देशभक्ति के प्रतीक रहे हैं। अगर आप काला पानी जैसे स्थानों का इतिहास देखें तो सबसे ज़्यादा शहीद सिख रहे हैं। हमारे गुरुओं और बुजुर्गों ने देश के लिए बलिदान दिया है। कुछ गिने-चुने लोग जो टर्बन पहनकर या बिना टर्बन के देश विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं, वे सिख समुदाय को बदनाम नहीं कर सकते। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि आज तक किसी भी सरकार ने सिख समुदाय के लिए उतना काम नहीं किया जितना मोदी सरकार ने किया है। मैं खुद एक सिख हूं और मैं सिख समाज के भीतर प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के लिए गहरे श्रद्धाभाव को महसूस करता हूं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.