Uttarakhand Weather Update: मौसम विभाग ने उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में अगले दो दिन बारिश का आरेंज अलर्ट जारी करते हुए ओलावृष्टि तथा तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं । हालांकि, मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए संबंधित जिलों को सतर्क रहने तथा एहतियाती व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। देहरादून मौसम केंद्र ने बृहस्पतिवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जिलों के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि तथा 40-50 किमी प्रति घंटा से लेकर 60 किमी प्रति घंटा तक की गति से हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की है ।
तेज हवाओं के साथ चमक-गरज
इसके अतिरिक्त राज्य के शेष जिलों में भी कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा 40-50 किमी प्रति घंटा की गति से हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है। शुक्रवार को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जिलों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है और कहीं-कहीं गर्जन के साथ बिजली चमकने, ओलावृष्टि तथा 40-50 किमी प्रति घंटा से लेकर 60 किमी प्रति घंटा तक की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना जतायी गयी है ।

Uttarakhand Weather Update: कई जिलों में भारी बारिश की संभावना
इस दौरान उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग एवं चमोली जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की भी संभावना व्यक्त की गई है । इसके बाद अगले दो दिनों यानि 30 और 31 मई के लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है । हालांकि, मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा संबंधित जिलों को सतर्क रहने तथा आवश्यक एहतियाती व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं ।

Uttarakhand Weather Update: लोगों से सुरक्षित रहने की अपील
प्रदेश के आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा आकाशीय बिजली एवं तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों एवं कमजोर संरचनाओं से दूर रहें। उन्होंने लोगों से मौसम संबंधी नवीनतम जानकारी एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की है।


Download Android App
Download iOS App





