उत्तराखंड: बद्रीनाथ से देहरादून जा रहे हेलीकॉप्टर क्रैश में पायलट समेत सभी 6 लोगों की मौत

Summary :

उत्तराखंड के चमोली में बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में दिल्ली के पायलट सहित सवार सभी 6 लोगों की मौत हो गई।

Uttrakhand News

Uttrakhand News : उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। बद्रीनाथ धाम से देहरादून के लिए उड़ान भरने के बाद लापता हुआ एक निजी हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस हादसे में पायलट समेत सवार सभी 6 लोगों की मौत हो गई है। UCADA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन ने ‘एएनआई’ को फोन पर इस दुखद खबर की पुष्टि की।

ट्रांस भारत एविएशन के इस हेलीकॉप्टर ने दोपहर 1:12 बजे बद्रीनाथ सिविल हेलीपैड से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरी थी। हालांकि, उड़ान भरने के महज दो मिनट बाद ही दोपहर 1:14 बजे जोशीमठ के पास इसका रडार से संपर्क टूट गया था।

कर्णाटक के यात्री थे सवार

चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि पांडुकेश्वर के पास भंडाकंड मंदिर से करीब एक किलोमीटर ऊपर सेना की एक चौकी के जवानों ने हेलीकॉप्टर को घाटी की तरफ जाते देखा था। संपर्क टूटने के तुरंत बाद पुलिस, एसडीआरएफ और सेना की दो टीमों को पांडुकेश्वर और जोशीमठ की तरफ से सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया था। राहत कार्य के लिए गोपेश्‍वर से ड्रोन भी तैनात किए गए थे।

दुर्घटनाग्रस्त हुए इस हेलीकॉप्टर में दिल्ली निवासी पायलट हिमांशु सभरवाल के अलावा कर्नाटक के पांच श्रद्धालु सवार थे, जो बद्रीनाथ दर्शन के बाद वापस लौट रहे थे। सर्च टीम जब मौके पर पहुँची तो हेलीकॉप्टर का मलबा मिला और सभी सवार यात्रियों के मारे जाने की पुष्टि हुई। फिलहाल प्रशासनिक अधिकारी और राहत टीमें दुर्घटनास्थल पर आवश्यक कानूनी व राहत प्रक्रियाओं को पूरा करने में जुटी हैं।

यह भी पढ़ें – बद्रीनाथ से आ रहा हेलीकॉप्टर जोशीमठ में क्रैश, खराब मौसम के बीच टूटा संपर्क; सर्च ऑपरेशन शुरू

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।