तालिबान के हमले मे 10 जवानों, सात पुलिसकर्मियों की मौत

Summary :

पुलिसकर्मी भी घायल हो गये हैं। तालिबान इन दिनों लगभग हर रोज अफगान सुरक्षा बलों को निशाना बना रहा है और आधे से अधिक देश पर काबिज हो गया है। 

अफगानिस्तान में दो अलग अलग जगहों पर आतंकी संगठन तालिबान के हमलों में कम से कम दस सैनिकों और सात पुलिस कर्मियों की मौत हो गई। उत्तरी ताखर प्रांत के पुलिस प्रमुख अब्दुल राशिद बशर ने बताया कि तालिबान ने ख्वाजा गढ़ जिले में शुक्रवार तड़के सेना की एक चौकी को निशाना बनाया। दोनों के बीच हुई भारी गोलीबारी में कम से कम दस सैनिकों की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि इस हमले में तालिबान को भी काफी नुकसान पहुंचा है। पर उन्होंने इसका ब्यौरा नहीं दिया। तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।

एक अन्य घटना में तालिबान ने पश्चिमी फराह प्रांत में बृहस्पतिवार देर रात पुलिस बलों पर हमला करके सात पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी। प्रांतीय परिषद सदस्य अब्दुल समद सालेही ने यह जानकारी देते हुये बताया कि इस घटना में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गये हैं। तालिबान इन दिनों लगभग हर रोज अफगान सुरक्षा बलों को निशाना बना रहा है और आधे से अधिक देश पर काबिज हो गया है।

Desk Team