नेपाल के मध्य क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के बाद हुए भूस्खलन से सात महिलाओं समेत कम-से-कम 11 लोगों की मौत हो गई है और 20 अन्य लापता हो गये। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। काठमांडू से 120 किलोमीटर पूर्व में सिंधुपालचौक जिले के बरहाबाइस ग्रामीण नगर पालिका के भिरखरका क्षेत्र में शनिवार रात को भूस्खलन से लगभग 15 घर ढह गए।
अधिकारी ने बताया कि नेपाल सेना और नेपाल पुलिस कर्मियों के एक सुरक्षा दल को खोज और बचाव अभियान के लिए घटना स्थल पर भेजा गया है। गृह मंत्रालय के अनुसार, घटनास्थल से सात महिलाओं सहित 11 लोगों के शव बरामद किए गए हैं और लापता लोगों को बचाने के लिए तलाशी अभियान जारी है।
पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश के कारण भूस्खलन हुआ। इस मानसून के मौसम में नेपाल में भूस्खलन की विभिन्न घटनाओं में कम से कम 249 लोगों की जान जा चुकी है और 49 अन्य लापता हैं।


Download Android App
Download iOS App



