अमेरिका के दक्षिणपूर्वी राज्य फ्लोरिडा में मियामी के निकट शनिवार को 12 मंजिला इमारत के गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 156 लोग लापता हैं। बचावकर्ता जीवित बचे लोगों को मलबे में लगी आग और उसके कारण उठ रहे धुएं के बीच तलाश रहे हैं। मियामी-डाडे की मेयर डेनिला लेविने कावा ने बताया कि मलबे से अब तक पांच लोगों के शव निकाले गए हैं और 156 लोग अब भी लापता हैं। उन्होंने कहा कि हमारी शीर्ष प्राथमिकता तलाश और बचाव अभियान तेज करना है, ताकि उन लोगों की जान बचाई जा सके, जिन्हें हम बचा सकते हैं।
इससे पहले उन्होंने बताया था कि मलबे में लगी आग की लपटें बहुत तेज हैं, जिसके कारण बचाव अभियान में बहुत दिक्कत हो रही है। एक क्रेन ने सर्फसाइड शहर में 30 फुट ढेर से मलबे के टुकड़े हटाए और बचाव दल ने मलबे को हटाने के लिए बड़ी मशीनों, छोटी बाल्टियों, ड्रोन और माइक्रोफोन समेत कई उपकरणों का इस्तेमाल किया गया।
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने ट्वीट किया कि उन्होंने फ्लोरिडा के गवर्नर रोन डेसांटिस से शुक्रवार को बात की और उन्हें हर संभव मदद मुहैया कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने इस घटना पर खेद प्रकट दिया। प्राधिकारियों ने घोषणा की कि वे ढही इमारत ‘शैम्प्लेन टावर्स साउथ’ की तरह 40 साल पुरानी इमारतों की समीक्षा करेंगे, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे सुरक्षित हैं या नहीं।
डेसांटिस ने बताया कि संघीय आपात प्रबंधन एजेंसी के अधिकारी दुर्घटनास्थल पर स्थानीय एवं राज्य प्राधिकारियों की मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो इमारत ढही है, उसकी निकटवर्ती इमारतों पर भी नजर रखी जा रही है, क्योंकि वे भी उतनी ही पुरानी हैं और उनका नक्शा भी एक सा है।


Download Android App
Download iOS App



