बेल्जियम में एक संदिग्ध आतंकवादी हमले में एक बंदूकधारी ने दो पुलिसकर्मियों समेत तीन लोगों की आज हत्या कर दी। अभियोजकों ने बताया कि बंदूकधारी ने एक व्यक्ति की हत्या करने से पहले दो पुलिस अधिकारियों की गोली मारकर हत्या कर दी। एक स्कूल में उसने एक व्यक्ति को बंधक भी बनाया। हालांकि बाद में पुलिस ने हमलावर को मार गिराया।
उन्होंने बताया कि यह घटना पूर्वी औद्योगिक शहर लीज में सुबह साढ़े 10 बजे हुई जब सशस्त्र हमलावर ने गोली मारने से पहले पुलिस अधिकारियों पर चाकू से हमला किया।
संघीय अभियोजकों ने बताया कि उन्होंने इस घटना की आतंकवाद के पहलू से जोड़कर भी जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद देश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
अभियोजक फिलीप्पे डुलियु ने संवाददाता सम्मेलन में बताया ,‘‘ संदिग्ध ने एक चाकू से दो पुंलिस अधिकारियों पर हमला किया और इसके बाद उन्हें मारने के लिए उसने अपनी बंदूक का इस्तेमाल किया। ’’
उन्होंने बताया ,‘‘ उसने खड़े हुए एक वाहन पर हमला किया और यात्री सीट पर बैठे 22 वर्षीय एक व्यक्ति पर गोलीबारी की जिससे उस युवक की मौत हो गई। ’’
उन्होंने बताया ,‘‘ इसके बाद वह लिओनी डे वाहा स्कूल में घुस गया। उसने वहां कार्यरत एक महिला को बंधक बना लिया। पुलिस जब महिला को बचाने आई तो उसने पुलिस अधिकारियों पर गोलीबारी की जिससे कई लोग घायल हो गये। हालांकि पुलिस कार्रवाई में हमलावर मारा गया। ’’
लीज प्रांत के गवर्नर ने कहा कि सभी बच्चें और स्टॉफ सुरक्षित है। बेल्जियम संघीय अभियोजक के कार्यालय के प्रवक्ता इरिक वेन डेर सिप्ट ने बताया कि ‘‘ संकेत इस दिशा की ओर इशारा करते है कि यह एक आतंकवादी कृत्य ’’ है। प्रधानमंत्री चार्ल्स मिशेल ने इसे ‘‘ कायरतापूर्ण घटना ’’ बताते हुए इसकी निंदा की है।
मिशेल ने ट्वीट किया ,‘‘ हमारी संवेदनाएं और समर्थन पीड़ितों और उनके परिजनों के साथ है। ’’ बेल्जियम के गृह मंत्री जेन जाम्बोन ने बताया कि बेल्जियम का संघीय आपदा केन्द्र स्थिति पर नजर रखे हुए है।
उन्होंने ट्वीटर पर लिखा ,‘‘ हमारी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ है। हम वास्तव में क्या हुआ इसके बारे में पता लगाने की कोशिश कर रहे है। ’’ केन्द्र ने क्षेत्र के आसपास नाकेबंदी कर दी है और लोगों से वहां से दूर रहने का आग्रह किया है।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



