अफगानिस्तान की सीमा से सटे पाकिस्तान के एक शहर के बाजार में सोमवार को ड्रग विरोधी बल को निशाना बनाकर किये गये शक्तिशाली बम विस्फोट में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार यह विस्फोट अशांत बलूचिस्तान प्रांत के चमन नगर में हाजी निदा बाजार में हुआ। स्थानीय अखबार ने सहायक आयुक्त जकाउल्लाह दुर्रानी के हाले से खबर दी कि धमाके में पांच लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस निरीक्षक मुहम्मद मोहसिन के अनुसार अज्ञात बदमाशों ने एक मोटरसाइकिल पर देशी बम लगाया था। यह मोटरसाइकिल सड़क के एक तरफ खड़ी थी। दुर्रानी ने कहा कि इस धमाके के निशाने पर मादक पदार्थ निरोधक बल का वाहन था। धमाका इतना जबर्दस्त था कि आसपास की दुकानों और मकानों की खिड़कियों के कांच टूट गये। प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी बयान में प्रधानमंत्री इमरान खान ने इस घटना की निंदा की और लोगों की मौत पर दुख प्रकट किया। किसी ने भी इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
हाल के सप्ताहों में प्रतिबंधित संगठनों के आतंकवादियों एवं अलगाववादियों ने आतंकवादी हमले बढ़ा दिये हैं। गत 21 जुलाई को तुरबत बाजार में हुए बम विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और छह अन्य घायल हो गए थे।


Download Android App
Download iOS App



