अफगानिस्तान के काबुल में एक बड़े समारोह पर बृहस्पतिवार को मोर्टार से किए गए हमले में तीन लोगों की मौत हो गई और 22 अन्य जख्मी हो गए। इस समारोह में अफगानिस्तान के मुख्य कार्यकारी एवं अन्य अहम सरकारी अफसर शिरकत कर रहे थे। इस हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट समूह ने ली है। यह सुरक्षा में अहम चूक है। गौरतलब है कि कतर की राजधानी दोहा में अमेरिका और तालिबान के बीच चल रही शांति वार्ता के कारण राजधानी में हफ्तों से हिंसक घटना नहीं हुई थी। निचले सदन के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद युनूस कानूनी ने मंच से कहा, ‘‘ शांत रहिए। जहां धमाका हुआ है वो इलाका हमसे काफी दूर है।’’ इसके कुछ क्षणों बाद ही, एक और विस्फोट हुआ और गोलियां चलने की आवाज सुनाई देने लगी। इससे लोग इधर-उधर भागने लगे।
दहशत में आई जनता को एक अज्ञात शख्स ने संबोधित किया, ‘‘ मैं अपने देश की आवाम से गुजारिश करता हूं कि शांत रहिए। मोर्टार हमला इस सभा से काफी दूर हुआ है।’’ यह विस्फोट शिया हजारा नेता अब्दुल अली मज़ारी की 24वीं बरसी मनाने के लिए रखे गए एक कार्यक्रम के दौरान हुआ। इस कार्यक्रम में देश के मुख्य कार्यकारी अब्दुल्ला अब्दुल्ला एवं पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई समेत देश के कई राजनीतिक दिग्गज शामिल हुए थे।
आईएस की प्रोपोगेंडा एजेंसी अमाक पर प्रकाशित एक बयान के मुताबिक, आईएस ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि इसके लड़ाकों ने मोर्टार बम से समारोह को निशाना बनाया है। गृह मंत्रालय के कार्यवाहक प्रवक्ता एन. रहिमी ने पत्रकारों को भेजे एक बयान में कहा, ‘‘ आज दोपहर 12 बजे अब्दुल अली मज़ारी के लिए आयोजित सभा पर मोर्टार दागा गया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ हमले में शामिल संदिग्ध को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और हमले में शामिल अन्य की पहचान कर ली गई है। उन्हें भी जल्द पकड़ लिया जाएगा।’’ मोर्टार सभा के बाहर गिरा।
स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता वाहिदुल्ला मयार ने ट्वीट कर बताया कि तीन लोगों की मौत हुई है जबकि तीन बच्चों और एक महिला समेत 22 लोग जख्मी हुए हैं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार अब्दुल लतिफ पदराम के आधिकारिक फेसबुक पेज के मुताबिक, घायलों में वह भी शामिल हैं और उनकी हालत ‘स्थिर’ है। मौके पर मौजूद विदेश मंत्री सलाहुद्दीन रब्बानी ने बाद में कहा कि आतंकवादियों ने स्मरणोत्सव समारोह पर रॉकेट दागा। हालांकि वह हमले में सुरक्षित बच गए।


Download Android App
Download iOS App



