काबुल : अफगानिस्तान ने सीमावर्ती कुनार प्रांत में हवाई हमले किये जाने का पाकिस्तान पर आरोप लगाया है। अफगानिस्तान का यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहिद खाकन अब्बासी आतंकवादी हमलों पर रोक लगाने के प्रयासों को लेकर अफगानी राष्ट्रपति अशरफ घानी से बातचीत के लिए शुक्रवार को काबुल आने वाले हैं।
अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पाकिस्तान लड़कू विमानों ने बुधवार की शाम कुनार प्रांत के दनगाम जिले में चार बम छोड़े। बयान में हालांकि किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की विस्तृत जानकारी नहीं दी गयी। बयान में कहा गया कि अफगानिस्तान अंतरराष्ट्रीय मानकों के उल्लंघन की लगातार चेतावनी देता रहा। इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं जारी रहने से दोनों देशों बीच संबंधों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।
दूसरी तरफ पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर अफगानी हवाई क्षेत्र में किसी प्रकार के उल्लंघन के आरोपों को आधारहीन बताते हुए खारिज किया है। बयान में कहा गया कि पाकिस्तानी सैनिक अफगानिस्तान में सक्रिय आतंकवादी समूहों पर जवाबी कार्रवाई कर रहे हैं।
अधिक जानकारियों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



